Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:नशीला पदार्थ सेवन करने के बाद 4 युवकों की मौत, जहरीली शराब की आशंका; कमरे में मिली खाली बोतल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, August 30, 2026

BIHAR:नशीला पदार्थ सेवन करने के बाद 4 युवकों की मौत, जहरीली शराब की आशंका; कमरे में मिली खाली बोतल

बाढ़ में नशीला पदार्थ सेवन करने के बाद 4 युवकों की मौत, जहरीली शराब की आशंका; कमरे में मिली खाली बोतल

बाढ़ (पटना): पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में रविवार को एक साथ चार युवकों की मौत से हड़कंप मच गया। चारों युवकों के एक साथ बैठकर शराब या किसी नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई है। गंभीर हालत में सभी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान चारों ने दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान शशि कुमार (32), विकास राम (40), पंकज सिंह (45) और निशू कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

एक कमरे में बैठकर कर रहे थे नशीले पदार्थ का सेवन

जानकारी के अनुसार, चारों युवक रविवार को बेढ़ना गांव में एक कमरे में एक साथ बैठे थे। स्वजनों के मुताबिक, वहां शराब पीने के साथ खाने के लिए मछली भी बनवाई गई थी। कुछ देर बाद अचानक चारों की तबीयत बिगड़ने लगी।

बताया जा रहा है कि उनकी हालत तेजी से खराब हुई और चारों अचेत होकर गिर पड़े। ग्रामीणों की नजर जब उन पर पड़ी तो मौके पर अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में स्वजन और ग्रामीण सभी को इलाज के लिए बाढ़ के एक निजी क्लीनिक में लेकर पहुंचे।

निजी क्लीनिक से अनुमंडलीय अस्पताल, फिर PMCH रेफर

निजी क्लीनिक में हालत में सुधार नहीं होने पर चारों को बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।

इलाज के दौरान चारों युवकों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

मुंह से निकल रहा था झाग, चारों की हालत एक जैसी

अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाए गए तीन युवकों के मुंह से झाग निकल रहा था और उनकी हालत बेहद गंभीर थी। कुछ देर बाद चौथे युवक को भी अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, चारों की स्थिति लगभग एक जैसी थी।

चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्रेया शेखर ने बताया कि ग्रामीणों के अनुसार चारों युवक एक साथ बैठकर शराब अथवा किसी नशीले पदार्थ का सेवन कर रहे थे। तीन युवकों को पहले अस्पताल लाया गया था। उनकी हालत गंभीर थी और मुंह से झाग निकल रहा था। बाद में चौथे युवक को भी अस्पताल लाया गया और उसकी स्थिति भी अन्य तीनों के समान थी।

कमरे में मिली शराब की खाली बोतल, जहरीली शराब की आशंका

घटना के बाद उस कमरे की भी जांच की गई, जहां चारों युवक एक साथ बैठे थे। वहां से शराब की खाली बोतल मिलने की बात सामने आई है। इसके बाद जहरीली शराब के सेवन से चारों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है।

हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि युवकों ने वास्तव में शराब का सेवन किया था या किसी अन्य नशीले पदार्थ का। जहरीली शराब से मौत की आशंका की भी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद बाढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस उस कमरे से मिले सामान और खाली शराब की बोतल की जांच कर रही है।

पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चारों युवकों ने किस पदार्थ का सेवन किया था, वह कहां से आया था और उसकी वजह से उनकी तबीयत अचानक क्यों बिगड़ी। इसके अलावा पुलिस आसपास के लोगों और मृतकों के परिजनों से भी जानकारी जुटा रही है।

फिलहाल चारों की मौत को लेकर कई सवाल बने हुए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, विसरा/नमूना जांच और पुलिस की जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।