राघोपुर: बिहार आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के आह्वान पर मंगलवार को राघोपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय के समीप आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान सेविका-सहायिकाओं ने लंबित मांगों को लेकर सरकार और विभाग के खिलाफ आवाज उठाई। धरना के बाद सीडीपीओ के माध्यम से विभागीय अधिकारियों को मांग-पत्र सौंपा गया।
संघ की प्रखंड अध्यक्ष प्रीति कुमारी के नेतृत्व में आयोजित धरना में बड़ी संख्या में सेविका-सहायिकाएं शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि कई महीनों से विभिन्न मदों की राशि और मानदेय के भुगतान में परेशानी हो रही है। संघ ने लंबित मानदेय का जल्द भुगतान करने के साथ भविष्य में नियमित और समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।
5जी मोबाइल और ग्रेच्युटी की मांग
प्रदर्शनकारियों ने सभी आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं को 5जी मोबाइल उपलब्ध कराने और प्रतिवर्ष चार हजार रुपये की रिचार्ज राशि देने की मांग की। इसके अलावा उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार ग्रेच्युटी का लाभ देने की मांग भी उठाई गई।
संघ ने बकाया मानदेय, पोषाहार समेत अन्य लंबित देय राशि का भुगतान करने और मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि की मांग की। सेविका से महिला पर्यवेक्षिका के पद पर बहाली एवं पदोन्नति तथा सहायिका से सेविका के पद पर चयन की प्रक्रिया को पारदर्शी और जल्द पूरा करने की मांग भी रखी गई।
महंगाई के अनुरूप मानदेय बढ़ाने की मांग
संघ का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई और जीवन-यापन की लागत को देखते हुए वर्तमान मानदेय पर्याप्त नहीं है। इसलिए सेविका-सहायिकाओं के मानदेय में समुचित वृद्धि की जानी चाहिए।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
धरना समाप्त होने के बाद संघ के प्रतिनिधिमंडल ने राघोपुर बाल विकास परियोजना कार्यालय के माध्यम से विभागीय अधिकारियों को मांग-पत्र भेजा। संघ ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
धरना में सुचित्रा तिवारी, अनुराधा कुमारी, निशा कुमारी, निर्मला कुमारी, खुशबू कुमारी, ललिता देवी, सुनीता कुमारी, रेखा कुमारी, नीलम सिंह, शुभकला देवी, प्रमीला देवी, पिंकी प्रिया समेत दर्जनों सेविका एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।