Kosi Live-कोशी लाइव SUPAUL :दिल्ली में गुड्डू बादशाह की हत्या पर सुपौल पहुंचे पप्पू यादव, परिजनों से मिले; बोले- संसद में उठाऊंगा मामला - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, August 23, 2026

SUPAUL :दिल्ली में गुड्डू बादशाह की हत्या पर सुपौल पहुंचे पप्पू यादव, परिजनों से मिले; बोले- संसद में उठाऊंगा मामला

दिल्ली में गुड्डू बादशाह की हत्या पर सुपौल पहुंचे पप्पू यादव, परिजनों से मिले; बोले- संसद में उठाऊंगा मामला

सुपौल। पूर्णिया के सांसद और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव शनिवार को सुपौल जिले के किशनपुर प्रखंड के राजपुर गांव पहुंचे। यहां उन्होंने दिल्ली में अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली मारकर हत्या किए गए मो. इरशाद आलम उर्फ गुड्डू बादशाह के शोकाकुल माता-पिता और परिजनों से मुलाकात की। सांसद ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए न्याय दिलाने के लिए हरसंभव कानूनी और सामाजिक सहयोग का भरोसा दिलाया।

दिल्ली के DGP से करेंगे मुलाकात

परिजनों से घटना की पूरी जानकारी लेने के बाद पप्पू यादव ने कहा कि दिल्ली में अपराधियों ने गुड्डू बादशाह की कायराना तरीके से हत्या की है। उन्होंने कहा कि हत्याकांड में शामिल अपराधियों और इसके पीछे साजिश रचने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।

सांसद ने कहा कि वे जल्द ही दिल्ली के पुलिस महानिदेशक (DGP) से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर मामले में दोषियों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए इस मामले को लोकसभा में मजबूती से उठाया जाएगा।

बढ़ते अपराध को लेकर सरकार पर निशाना

पप्पू यादव ने बिहार समेत देश में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय हत्या और अन्य आपराधिक घटनाओं में अचानक होने वाली बढ़ोतरी बेहद चिंताजनक है।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था की ऐसी स्थिति प्रशासनिक विफलता को दर्शाती है। उनके अनुसार, अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म होता जा रहा है और सरकार अपराध पर प्रभावी नियंत्रण लगाने में विफल साबित हो रही है।

बोले- न्याय मिलने तक चुप नहीं बैठेंगे

सांसद ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता और हत्याकांड में शामिल अपराधियों को कड़ी सजा नहीं मिलती, तब तक वे मामले को लेकर आवाज उठाते रहेंगे।

उन्होंने कहा कि परिवार को कानूनी स्तर पर हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा और मामले की जांच में तेजी लाने के लिए संबंधित अधिकारियों से बात की जाएगी।

कांग्रेस नेता और ग्रामीण रहे मौजूद

इस दौरान कांग्रेस नेता मिन्नत रहमानी, नंद कुमार चौधरी, मुकेश यादव, जितेंद्र झा और प्रमोद यादव सहित पार्टी के कई स्थानीय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर उपस्थित थे। सांसद के पहुंचने पर परिजनों ने उनसे हत्याकांड में जल्द न्याय दिलाने की मांग की।