Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 8 आरोपी पकड़े: स्कूल-कॉलेज और घरों में चोरी के 19 मामलों का खुलासा, 4 बाइक समेत भारी सामान बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, August 23, 2026

BIHAR:चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 8 आरोपी पकड़े: स्कूल-कॉलेज और घरों में चोरी के 19 मामलों का खुलासा, 4 बाइक समेत भारी सामान बरामद

मुजफ्फरपुर में चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 8 आरोपी पकड़े: स्कूल-कॉलेज और घरों में चोरी के 19 मामलों का खुलासा, 4 बाइक समेत भारी सामान बरामद

मुजफ्फरपुर। जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। स्कूल, कॉलेज, आंगनबाड़ी केंद्र और रिहायशी मकानों में सेंधमारी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा पांच विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस की कार्रवाई में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज 19 चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का काफी सामान बरामद किया है। इसमें चार मोटरसाइकिल, तीन टीवी, तीन इन्वर्टर, तीन बैटरी, गैस सिलेंडर, चूल्हा, बर्तन, कंबल, लोहे का ग्राइंडर, खंती और कपड़े समेत अन्य सामान शामिल हैं।

एसएसपी के निर्देश पर गठित की गई थी विशेष टीम

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (SP) राजेश सिंह प्रभाकर के अनुश्रवण में चोरी की घटनाओं के उद्भेदन के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।

टीम का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पूर्वी-01/02) ने किया। टीम में अंचल निरीक्षक सकरा, जिला आसूचना इकाई के साथ पियर, मुशहरी, बोचहाँ, सकरा, हथौड़ी और मुरौल ओपी की पुलिस शामिल थी।

पुलिस ने तकनीकी और मानवीय आसूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की और लगातार छापेमारी शुरू की।

दो आरोपियों की गिरफ्तारी, पांच बालक भी निरुद्ध

कार्रवाई के दौरान पियर थाना क्षेत्र से गायघाट निवासी छोटू कुमार और सन्नी कुमार को गिरफ्तार किया गया। इनके साथ चार विधि-विरुद्ध बालकों को भी निरुद्ध किया गया।

वहीं, मुरौल ओपी की पुलिस ने चोरी के सामान के साथ एक अन्य विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया। इस तरह कार्रवाई में कुल पांच बालकों को निरुद्ध किया गया।

पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने के आरोप में कुंदन साह को भी गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी के सामान में शामिल इन्वर्टर और बैटरी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।

6 थाना क्षेत्रों के 19 मामलों का खुलासा

पुलिस पूछताछ में गिरोह के सदस्यों ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, इनमें पियर थाना क्षेत्र के 8, मुरौल ओपी के 2, बोचहाँ थाना के 6, मुशहरी के 1, हथौड़ी के 1 और सकरा थाना के 1 मामले शामिल हैं।

इस तरह पुलिस ने कुल 19 चोरी के मामलों का खुलासा करने का दावा किया है।

चार बाइक समेत चोरी का भारी सामान बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान बरामद किया। बरामदगी में चार मोटरसाइकिल, तीन टीवी, तीन इन्वर्टर और तीन बैटरी शामिल हैं।

इसके अलावा एक गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, थाली, लोटा, कटोरा, ग्लास, चम्मच जैसे कई प्रकार के बर्तन, एक कंबल, लोहे का ग्राइंडर, खंती, कपड़े और अन्य सामान भी बरामद किया गया।

फरार सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी

ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि पुलिस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस बरामद सामान और आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि चोरी की घटनाओं में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई जारी है।