एक दिन की मुखिया बनी 8वीं की छात्रा, स्वतंत्रता दिवस पर फहराया तिरंगा
सुपौल: मरौना प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। गनौरा पंचायत में इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह खास रहा। पंचायत स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली आठवीं कक्षा की छात्रा सोनी कुमारी को एक दिन के लिए पंचायत का मुखिया बनाया गया।
मुखिया की जिम्मेदारी मिलने के बाद सोनी कुमारी ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रध्वज फहराया। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की मौजूदगी में उन्होंने समारोह की शुरुआत की। एक दिन के लिए मुखिया बनने का अवसर मिलने पर छात्रा काफी उत्साहित नजर आई।
54 छात्राओं ने प्रतियोगिता में लिया था हिस्सा
गनौरा पंचायत के मुखिया जितेंद्र कुमार ने छात्राओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और उन्हें पंचायत की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता आयोजित कराई थी। इसमें पंचायत क्षेत्र की कुल 54 छात्राओं ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में आठवीं कक्षा की छात्रा सोनी कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसके बाद पंचायत की ओर से उन्हें एक दिन के लिए मुखिया की जिम्मेदारी देने का निर्णय लिया गया।
जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें इस पहल से पंचायत के कामकाज को करीब से समझने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें पंचायत की जिम्मेदारी मिलती है तो उनका विशेष ध्यान महिलाओं की समस्याओं पर रहेगा।
महिलाओं को अपनी समस्याएं बताने का मिलेगा मौका
मुखिया जितेंद्र कुमार ने बताया कि अपने पांच वर्षों के कार्यकाल के दौरान उन्होंने महसूस किया कि पंचायत की कई महिलाएं अपनी मूलभूत समस्याओं को खुलकर सामने रखने में संकोच करती हैं। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए छात्रा को एक दिन के लिए मुखिया बनाने की पहल की गई।
उनका कहना है कि महिलाएं एक छात्रा के सामने अपेक्षाकृत सहज होकर अपनी समस्याएं रख सकती हैं। सामने आने वाली समस्याओं को पंचायत की योजनाओं में शामिल कर उनके समाधान की दिशा में काम किया जाएगा।
दूसरे और तीसरे स्थान वाली छात्राओं को भी मिली जिम्मेदारी
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली सोनी कुमारी के अलावा द्वितीय स्थान हासिल करने वाली सुरची कुमारी और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली आरती कुमारी को भी पंचायत की प्रशासनिक व्यवस्था समझने का अवसर दिया गया।
दोनों छात्राओं को पंचायत में कार्यरत विभिन्न कर्मियों और उनके दायित्वों की जानकारी दी जाएगी। इनमें पंचायत सचिव, पंचायत रोजगार सेवक, विकास मित्र, किसान सलाहकार, आवास सहायक और स्वच्छता पर्यवेक्षक समेत अन्य कर्मियों की भूमिका शामिल है।
इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को केवल पढ़ाई तक सीमित न रखते हुए उन्हें नेतृत्व, प्रशासन और पंचायत व्यवस्था की व्यावहारिक जानकारी देना है। गनौरा पंचायत की यह पहल ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है।