Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA CRIME NEWS:अवैध देसी कट्टा के साथ युवक गिरफ्तार, मोटरसाइकिल जब्त - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, August 22, 2026

SAHARSA CRIME NEWS:अवैध देसी कट्टा के साथ युवक गिरफ्तार, मोटरसाइकिल जब्त

नवहट्टा में अवैध देसी कट्टा के साथ युवक गिरफ्तार, मोटरसाइकिल जब्त

सहरसा। नवहट्टा थाना पुलिस ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत शुक्रवार शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देसी कट्टा और मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि पूर्वी कोसी तटबंध क्षेत्र में कुछ हथियारबंद अपराधी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।

थाना अध्यक्ष राहुल कुमार के अनुसार, सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस टीम का गठन किया गया। एसआई रोशन कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने पूर्वी कोसी तटबंध क्षेत्र में छापेमारी शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में एक युवक को पकड़ा।

गिरफ्तार युवक की पहचान नवहट्टा थाना क्षेत्र के डुमरा वार्ड नंबर-07 निवासी रवीन कुमार, पिता धनिकलाल सादा के रूप में हुई है। पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया। मौके से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस ने बरामद हथियार और मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने और उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में अवैध हथियार रखने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस टीम द्वारा तटबंध और आसपास के इलाकों में भी निगरानी बढ़ाई गई है।