सहरसा में PM आवास योजना के नए लाभुकों को मिली सौगात, स्वीकृति पत्र के साथ कई परिवारों को सौंपी गई घर की चाबी
सहरसा: प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के तहत सहरसा में गुरुवार को जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री रत्नेश सादा और जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने नए स्वीकृत लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र वितरित किए। वहीं, आवास निर्माण पूरा कर चुके लाभुकों को प्रतीकात्मक रूप से घर की चाबी सौंपी गई।
कार्यक्रम में उन लाभुकों को भी बधाई पत्र दिया गया, जिन्हें योजना के तहत तीनों किस्तों की सहायता राशि मिल चुकी है। पक्का घर मिलने से ग्रामीण परिवारों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
बिहार में 2.35 लाख आवासों का गृह प्रवेश
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में पूरे बिहार में 2 लाख 35 हजार आवासों के गृह प्रवेश का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ ही आवास की चाबी सौंपने और नए चयनित लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र वितरण का भी कार्यक्रम हुआ।
पटना के बापू सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए। सहरसा समेत विभिन्न जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। इसके बाद सहरसा में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।
नए लाभुकों को मिला स्वीकृति पत्र
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत वर्तमान में स्वीकृत नए लाभुकों को स्वीकृति पत्र दिया गया। स्वीकृति पत्र मिलने के बाद इन परिवारों के लिए पक्का आवास निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे या जर्जर मकानों में रहने वाले गरीब परिवारों के लिए यह योजना सुरक्षित और पक्के घर की उम्मीद से जुड़ी है। योजना के माध्यम से ऐसे परिवारों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
तीनों किस्त पाने वालों को बधाई, पूरा घर बनाने वालों को चाबी
कार्यक्रम में उन लाभुकों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने आवास निर्माण के लिए मिलने वाली तीनों किस्तों की सहायता राशि प्राप्त कर ली है। ऐसे लाभुकों को बधाई पत्र दिया गया।
वहीं, जिन परिवारों ने आवास निर्माण पूरा कर लिया है, उन्हें प्रतीकात्मक रूप से घर की चाबी सौंपी गई। चाबी मिलने के बाद लाभुकों के चेहरे पर खुशी नजर आई।
समय पर पूरा करना होगा आवास निर्माण
अधिकारियों ने लाभुकों को आवास निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने और इसे समय पर पूरा करने की जानकारी दी। प्रशासन की प्राथमिकता है कि स्वीकृत आवासों का निर्माण समय पर पूरा हो और पात्र लाभुकों को योजना की सहायता राशि निर्धारित प्रक्रिया के तहत मिलती रहे।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, डीआरडीए निदेशक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, आवास कर्मी सहित बड़ी संख्या में लाभुक मौजूद रहे।