Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:हरिहर साहा महाविद्यालय में मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, August 30, 2026

MADHEPURA:हरिहर साहा महाविद्यालय में मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

हरिहर साहा महाविद्यालय में मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

मधेपुरा/उदाकिशुनगंज: क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक परिषद, भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा के निर्देशानुसार हरिहर साहा महाविद्यालय, उदाकिशुनगंज में शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) जवाहर पासवान की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम के संयोजक क्रीड़ा पदाधिकारी डॉ. अरुण कुमार थे। मुख्य अतिथि के रूप में राजकीय डिग्री महाविद्यालय, चौसा के प्रधानाचार्य डॉ. सुमन कुमार झा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद हॉकी के जादूगर के नाम से प्रसिद्ध मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। प्रधानाचार्य और मुख्य अतिथि ने फीता काटकर खेल प्रतियोगिताओं का विधिवत उद्घाटन किया।

दौड़ प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर महाविद्यालय में विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। 400 मीटर पुरुष वर्ग में प्रभाष ने प्रथम, बिट्टू ने द्वितीय, अमर कुमार ने तृतीय और बाबुल कुमार ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।

800 मीटर पुरुष वर्ग में जय कुमार प्रथम, सौरभ कुमार द्वितीय, गगन कुमार तृतीय और जयकिशुन कुमार चतुर्थ स्थान पर रहे।

वहीं 200 मीटर महिला वर्ग में रूकैया खातून ने प्रथम, निशु कुमारी ने द्वितीय, सोनी कुमारी ने तृतीय और नेहा कुमारी ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले सभी खिलाड़ियों को प्रधानाचार्य एवं अतिथियों द्वारा स्मृति चिह्न और मेडल देकर सम्मानित किया गया।

मेजर ध्यानचंद के योगदान को किया याद

इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) जवाहर पासवान ने कहा कि महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को 'हॉकी का जादूगर' कहा जाता है। उनकी जयंती के अवसर पर हर वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि जब ध्यानचंद हॉकी के मैदान में उतरते थे तो गेंद मानो उनकी हॉकी स्टिक से चिपक जाती थी।

मुख्य अतिथि डॉ. सुमन कुमार झा ने कहा कि मेजर ध्यानचंद का खेल के क्षेत्र में योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और अपने क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

क्रीड़ा पदाधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि मेजर ध्यानचंद का जन्म 29 अगस्त 1905 को हुआ था। उन्होंने 1928, 1932 और 1936 के ओलंपिक खेलों में भारतीय हॉकी टीम के लिए स्वर्ण पदक जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खेल के क्षेत्र में उनके अद्वितीय योगदान को देखते हुए उनके जन्मदिवस को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

कार्यक्रम में मो. तनवीर अहमद, मो. सुदीक, चंदन, विकास पिंटू, ललन, अजय, पूरन, सोनू, सत्यम सहित सैकड़ों खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।