मधेपुरा में ग्रामीणों ने दो युवकों को हथियार के साथ पकड़ा, 2 देशी मस्केट और कारतूस बरामद
मधेपुरा। जिले के ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र के ललिया वार्ड संख्या-03 में ग्रामीणों ने दो संदिग्ध युवकों को अवैध हथियारों के साथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने तलाशी के दौरान दोनों के पास से दो देशी मस्केट और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। मामले में दोनों युवकों को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ग्रामीणों ने संदिग्ध युवकों को पकड़कर पुलिस को दी सूचना
थानाध्यक्ष संतोष कुमार के अनुसार, घटना 21 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे की है। पुलिस को सूचना मिली कि ललिया पुल से आगे राजकुमार मंडल के घर के पास ग्रामीणों ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़ रखा है।
सूचना मिलते ही पुलिस अवर निरीक्षक उमा शंकर राम, सहायक अवर निरीक्षक तमजीद अहमद खान, सहायक अवर निरीक्षक मनोज कुमार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने ग्रामीणों के घेरे से दोनों युवकों को हिरासत में लेकर तलाशी ली।
दोनों के पास से मिले देशी मस्केट
तलाशी के दौरान पिंटू कुमार, पिता लोकु मंडल, निवासी बढ़िया वार्ड संख्या-02, थाना बड़हरा कोठी, जिला पूर्णिया के पास से एक देशी मस्केट बरामद किया गया।
वहीं, मिथुन कुमार, पिता ललटू मंडल, निवासी ललिया वार्ड संख्या-03, थाना ग्वालपाड़ा, जिला मधेपुरा के पास से एक देशी मस्केट और 8 एमएम केएफ का एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों युवक हथियार रखने से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों हथियार और कारतूस को जब्त कर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
पिंटू के पैर में लगी हल्की चोट
ग्रामीणों द्वारा पकड़े जाने के दौरान पिंटू कुमार के पैर में हल्की चोट लगी थी। पुलिस ने उसे इलाज के लिए पीएचसी ग्वालपाड़ा भेजा, जहां उसका उपचार कराया गया।
आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज
थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों गिरफ्तार युवकों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों युवक हथियार लेकर वहां किस उद्देश्य से पहुंचे थे और बरामद हथियार उन्हें कहां से मिले।