मधेपुरा में 12.90 ग्राम स्मैक बरामद, चार गिरफ्तार; स्कॉर्पियो और बुलेट जब्त
मधेपुरा। रतवारा थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 12.90 ग्राम स्मैक बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई कपसिया मुसहरी टोला के पास गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस ने मौके से एक स्कॉर्पियो और बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
बुलेट सवार दो युवकों से मिली 5.10 ग्राम स्मैक
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति स्मैक लेकर जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद रतवारा पुलिस ने कपसिया मुसहरी टोला के पास वाहन जांच शुरू की।
इसी दौरान बुलेट मोटरसाइकिल से पहुंचे दो संदिग्धों को पुलिस ने रोककर तलाशी ली। उनकी पहचान खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र के चोरली वार्ड नंबर-8 निवासी मो. फिरोज आलम और मो. तौकिर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान दोनों के पास पॉलीथिन में रखा 5.10 ग्राम स्मैक बरामद किया गया।
पूछताछ में सामने आया सप्लायर का नाम
पुलिस के अनुसार, दोनों से पूछताछ के दौरान स्मैक उपलब्ध कराने वाले कापुर निवासी राजकुमार यादव के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने राजकुमार यादव के घर पर छापेमारी की।
पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद कुछ लोगों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर खापुर वार्ड नंबर-13 निवासी सुधीर यादव और संकित यादव को गिरफ्तार कर लिया।
घर और स्कॉर्पियो से भी बरामद हुआ मादक पदार्थ
छापेमारी के दौरान घर की तलाशी लेने पर 2.70 ग्राम स्मैक बरामद हुआ। इसके अलावा स्मैक रखने और पैक करने में इस्तेमाल किए जाने वाले छोटे-छोटे खाली पन्नीनुमा पैकेट भी मिले।
पुलिस ने घर के पास खड़ी एक स्कॉर्पियो की भी तलाशी ली। वाहन से 5.10 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया।
इस तरह पुलिस के अनुसार, अलग-अलग स्थानों से कुल 12.90 ग्राम स्मैक बरामद किया गया।
राजकुमार यादव फरार, चार आरोपी गिरफ्तार
मामले में रतवारा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में राजकुमार यादव को फरार बताया गया है, जबकि सुधीर यादव, संकित यादव, मो. फिरोज आलम और मो. तौकिर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अब फरार राजकुमार यादव की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि स्मैक कहां से लाई जा रही थी और इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
छापेमारी दल में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
कार्रवाई में रतवारा थानाध्यक्ष सुड्ड कुमार, मंटू कुमार मांझी, जावेद इकबाल और भरत पासवान सहित पुलिस पदाधिकारी, सिपाही, महिला सिपाही और गृह रक्षक शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।