Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:हाईटेंशन तार की चपेट में आने से सिपाही चंदन कुमार की मौत,पुलिस केंद्र में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, August 18, 2026

BIHAR:हाईटेंशन तार की चपेट में आने से सिपाही चंदन कुमार की मौत,पुलिस केंद्र में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

हाईटेंशन तार की चपेट में आने से सिपाही चंदन कुमार की मौत, अररिया पुलिस केंद्र में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

अररिया। पुलिस केंद्र अररिया में सोमवार को दिवंगत सिपाही चंदन कुमार को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। उनके निधन से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर है। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।

इस मौके पर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने कहा कि सिपाही चंदन कुमार कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार जवान थे। उनके असामयिक निधन से अररिया पुलिस परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन घड़ी में पूरा पुलिस परिवार उनके परिवार के साथ खड़ा है।

आंवला तोड़ने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा

जानकारी के अनुसार, आरएस थाना क्षेत्र के हड़ियाबाड़ा पंचायत स्थित पुलिस केंद्र में तैनात जहानाबाद निवासी सिपाही चंदन कुमार कुछ दिन पहले सुबह टहल रहे थे। इसी दौरान वह पुलिस केंद्र के समीप स्थित आंवले के पेड़ से फल तोड़ने लगे।

बताया गया कि पेड़ के पास से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से चंदन कुमार गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पास स्थित एसएसबी शिविर के एक जवान ने तत्परता दिखाते हुए चंदन कुमार को बिजली के संपर्क से अलग किया। इसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

पूर्णिया से पटना किया गया था रेफर

प्राथमिक उपचार के बाद चंदन कुमार को पूर्णिया के कसबा स्थित मैक्स अस्पताल ले जाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना रेफर कर दिया। पटना में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस परिवार की ओर से उनके इलाज के दौरान हरसंभव सहयोग भी किया गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।

हाईटेंशन तारों की सुरक्षा पर उठे सवाल

घटना के बाद पुलिस केंद्र के आसपास से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और पुलिस अधिकारियों ने पेड़ों के नजदीक से गुजर रहे बिजली तारों को लेकर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है।

लोगों का कहना है कि ऐसे संवेदनशील स्थानों पर समय रहते सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो भविष्य में भी इस तरह के हादसों की आशंका बनी रह सकती है।