सुपौल में 37 किलो गांजा बरामद, 3 तस्कर गिरफ्तार; ऑटो और दो बाइक जब्त, 14.80 लाख की बताई जा रही कीमत
सुपौल। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 37 किलो गांजा बरामद किया है। भीमपुर थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुई दो कार्रवाइयों में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक CNG ऑटो और दो मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की कीमत करीब 40 हजार रुपये प्रति किलो के हिसाब से लगभग 14.80 लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई भीमपुर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व में की गई।
CNG ऑटो से 21 किलो गांजा बरामद
पुलिस के मुताबिक भीमपुर थाना क्षेत्र के भीमपुर वार्ड नंबर-07 स्थित NH-27 पर वाहन जांच के दौरान एक CNG ऑटो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ऑटो में छिपाकर रखा गया 21 किलो गांजा बरामद हुआ।
मौके से गोपाल ठाकुर (35) को गिरफ्तार किया गया। वह भीमपुर वार्ड नंबर-08 निवासी स्व. महानंद ठाकुर का पुत्र बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे 16 अगस्त को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
दो बाइक से 16 किलो गांजा जब्त
इसी थाना क्षेत्र के कालागोविंदपुर गांव के वार्ड नंबर-03 स्थित रानीपट्टी नहर के पास पुलिस ने दूसरी कार्रवाई की। यहां दो मोटरसाइकिलों की जांच के दौरान कुल 16 किलो गांजा बरामद किया गया।
इस दौरान पुलिस ने शलेन्द्र कुमार (25), निवासी तेकुना वार्ड नंबर-07, थाना प्रतापगंज और रामवृक्ष साह (36), निवासी हीरापट्टी वार्ड नंबर-12, थाना जदिया को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
एक ही थाना क्षेत्र में हुई इन दो बड़ी कार्रवाइयों के बाद गांजा तस्करी से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
इसके अलावा पुलिस तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।