सीट के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे शराब की खेप, घैलाढ़ में कार से 60 लीटर विदेशी शराब बरामद; एक तस्कर गिरफ्तार
मधेपुरा। जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत घैलाढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रात्रि गश्ती और वाहन जांच के दौरान एक कार से 60 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए शराब को कार की सीटों के नीचे और बॉडी के अंदर बनाई गई विशेष जगहों में छिपा रखा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
बताया गया कि रविवार की रात घैलाढ़ पुलिस की टीम घैलाढ़-गम्हरिया मुख्य सड़क पर रात्रि गश्ती के साथ वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली। प्रारंभिक जांच में कुछ खास नहीं मिलने पर पुलिस ने वाहन की गहनता से जांच की।
जांच के दौरान कार की सीटों के नीचे और बॉडी के अंदर शराब छिपाने के लिए बनाई गई विशेष जगहों का पता चला। इन स्थानों से पुलिस ने अलग-अलग ब्रांड की कुल 60 लीटर विदेशी शराब बरामद की। पुलिस ने शराब की खेप की अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई है। शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया गया।
सुपौल और सहरसा में खपाने की थी तैयारी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में शराब की खेप को दूसरे राज्य से लाए जाने की बात सामने आई है। इसे सुपौल और सहरसा जिले में खपाने की तैयारी थी। तस्करों ने वाहन में शराब छिपाने के लिए बाकायदा विशेष जगह तैयार कर रखी थी, ताकि सामान्य वाहन जांच के दौरान पुलिस को इसका पता न चल सके।
एक गिरफ्तार, दूसरा आरोपी फरार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नीतीश कुमार, पिता मुनेश्वर चौधरी, निवासी लोकहा वार्ड नंबर-5, थाना लोकहा, जिला सुपौल को गिरफ्तार किया है।
वहीं, उसका कथित साथी सुमितेश कुमार सुमन उर्फ गोलू, पिता दिनेश यादव, निवासी पशुपालन कॉलोनी, सहरसा वार्ड नंबर-2, अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
एसपी के निर्देश पर चल रही थी विशेष चेकिंग
घैलाढ़ थानाध्यक्ष पंकज कुमार तिवारी ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शराब तस्करी के खिलाफ विशेष रात्रि गश्ती और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी सघन तलाशी ली गई, जिसमें शराब की खेप बरामद हुई।
पुलिस ने बरामद शराब और वाहन को जब्त कर लिया है। मामले में मद्यनिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अब शराब की खेप के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। साथ ही फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए रात्रि गश्ती और वाहन जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।