मुंगेर में बेटी के जन्म पर अनोखी खुशी: नवजात को घर ले जाने के लिए दुल्हन की तरह सजाया वाहन, बोली बुआ- ‘हमारे घर लक्ष्मी आई है’
मुंगेर के सदर अस्पताल में बेटी के जन्म के बाद एक परिवार ने ऐसा जश्न मनाया, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। छोटी मिर्जापुर निवासी अंकित कुमार और मिताली प्रधान के घर शादी के करीब दो साल बाद पहली संतान के रूप में बेटी ने जन्म लिया। बेटी के जन्म की खुशी में परिवार ने सदर अस्पताल से मां और नवजात को घर ले जाने वाले वाहन को गुब्बारों और रंग-बिरंगी सजावट से दुल्हन की गाड़ी की तरह सजा दिया।
परिवार के लिए यह पल बेहद खास था, क्योंकि घर में पहली बार बेटी की किलकारी गूंजी थी। बेटी के जन्म की खुशी में घर को भी गुब्बारों और सजावटी सामान से सजाया गया। परिवार के सदस्य नवजात को लक्ष्मी का रूप मानकर उसके स्वागत की तैयारियों में जुटे रहे।
दुल्हन की गाड़ी की तरह सजाया वाहन
अस्पताल से नवजात बेटी और उसकी मां को घर ले जाने के लिए वाहन को विशेष रूप से सजाया गया था। वाहन पर रंग-बिरंगे गुब्बारे लगाए गए थे। सजावट देखकर ऐसा लग रहा था जैसे किसी दुल्हन को विदा कराकर घर लाया जा रहा हो।
परिवार के लोग बेहद उत्साहित नजर आए। बेटी को अस्पताल से घर तक पूरे उत्साह के साथ लाया गया। घर पहुंचने के बाद भी उसके स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं।
बुआ बोलीं- ‘आज हमारे घर लक्ष्मी आई है’
बेटी के जन्म पर उसकी बुआ आस्था देवी ने खुशी जताते हुए कहा, “आज हमारे घर लक्ष्मी आई है। बेटी के आने की खुशी में हमने वाहन और घर को गुब्बारों से सजाया है। यह हमारे परिवार के लिए बेहद खुशी का पल है।”
वहीं, बुआ रूमी देवी ने बताया कि परिवार में पहली पुत्री का जन्म हुआ है। इससे पूरे परिवार में बेहद खुशी है और सभी लोग नवजात के स्वागत को लेकर उत्साहित हैं।
बेटियों के प्रति सकारात्मक संदेश
परिवार ने बेटी के जन्म को किसी उत्सव से कम नहीं माना। अस्पताल से घर तक नवजात का इस खास अंदाज में स्वागत किया गया। वाहन की सजावट और परिवार की खुशी ने आसपास के लोगों का भी ध्यान आकर्षित किया।
बेटी के जन्म पर इस तरह खुशी मनाने से बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच और उनके सम्मान का संदेश भी सामने आया है। परिवार का कहना है कि बेटी उनके लिए खुशियों की सौगात लेकर आई है।