जमुई में लुंगी-हाफ शर्ट और हवाई चप्पल पहनकर पहुंचे सहरसा विधायक IP गुप्ता, बोले- ‘मेरे सपने में आए मोदी जी’
जमुई में सहरसा विधायक और इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (IIP) के प्रमुख इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता का अनोखा अंदाज देखने को मिला। शनिवार को वह अचानक जमुई परिसदन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने लुंगी, हाफ शर्ट और हवाई चप्पल पहन रखी थी। परिसदन में उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए बढ़ती चीनी की कीमतों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा।
इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता मूल रूप से जमुई जिले के पतौना गांव के रहने वाले हैं। वह सहरसा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।
‘कल रात मेरे सपने में मोदी जी आए थे’
चीनी की बढ़ती कीमतों पर तंज कसते हुए आईपी गुप्ता ने कहा कि कल रात उनके सपने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आए थे। विधायक ने व्यंग्यात्मक अंदाज में पीएम मोदी के साथ हुई कथित बातचीत का जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि सपने में मोदी जी ने उनसे कहा कि चीनी की कीमत बढ़ाकर 70-75 रुपए कर दी गई है। इससे देश का रेवेन्यू बढ़ेगा और गरीब कमजोर होगा, जिससे तानाशाही चलाने में मदद मिलेगी।
विधायक ने आगे कहा कि उन्होंने सपने में प्रधानमंत्री से पूछा कि चीनी के दाम बढ़ाने का जस्टिफिकेशन कैसे दिया जाएगा। इसके जवाब में मोदी जी ने कथित तौर पर सोशल मीडिया और AI के जरिए यह प्रचारित कराने की बात कही कि देश में हर दस घर में या दस में से एक व्यक्ति को शुगर की बीमारी है, इसलिए चीनी नहीं खानी चाहिए।
श्रवण कुमार और विजय सिन्हा पर भी साधा निशाना
इस दौरान आईपी गुप्ता ने बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा पर भी निशाना साधा।
उन्होंने श्रवण कुमार को लेकर कहा कि उन्हें कोई गंभीरता से नहीं लेता और वह मंत्री जैसे भी नहीं लगते। वहीं विजय कुमार सिन्हा के बारे में उन्होंने कहा कि वह एक जिम्मेदार राजनेता हैं और उन्हें पता नहीं कि उन्होंने ऐसा बयान क्यों दिया।
विधायक ने कहा कि विजय सिन्हा के बयान से वह व्यथित थे, इसी वजह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके सपने में आए।
चीनी की कीमत पर क्या बोले थे मंत्री?
दरअसल, चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा था कि चीनी खाने से शुगर होता है, इसलिए चीनी के दाम बढ़ने से कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा।
वहीं कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा था कि अगर चीनी की कीमत बढ़ती है तो इससे किसानों को फायदा होगा और किसानों को फायदा मिलने पर उन्हें खुशी होगी।
आईपी गुप्ता ने इसी मुद्दे को लेकर सरकार और भाजपा नेताओं पर तंज कसते हुए अपनी बात रखी। उनके लुंगी-हाफ शर्ट और हवाई चप्पल वाले अंदाज और प्रधानमंत्री को लेकर दिए गए व्यंग्यात्मक बयान की चर्चा जमुई में रही।