Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:स्मैक के अड्डे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 8 तस्कर गिरफ्तार,छात्रों को बनाते थे निशाना - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, August 23, 2026

MADHEPURA:स्मैक के अड्डे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 8 तस्कर गिरफ्तार,छात्रों को बनाते थे निशाना

चौसा में स्मैक के अड्डे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 8 तस्कर गिरफ्तार, 2.75 ग्राम स्मैक और 13,200 रुपए बरामद

मधेपुरा/चौसा। चौसा मुख्य बाजार में पुराने थाने के ठीक पीछे चल रहे कथित स्मैक के अड्डे पर पुलिस ने शनिवार शाम बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बांसबारी में छापेमारी कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से 2.75 ग्राम स्मैक, 13,200 रुपए नकद, 5 मोबाइल फोन, डिजिटल तराजू, एल्युमिनियम फॉइल का रोल और 2 लाइटर बरामद किए गए।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस को सूचना मिली थी कि पुराने थाने के पीछे बांसबारी में झाड़ियों की आड़ लेकर 7-8 युवक स्मैक की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रवि कुमार पासवान ने पुलिस टीम गठित की। टीम ने इलाके को चारों तरफ से घेरकर छापेमारी की।

पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद आरोपियों में भगदड़ मच गई। पुलिस के अनुसार, कुछ आरोपियों ने फॉइल और स्मैक की पुड़िया फेंकने की कोशिश की, लेकिन सभी को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

19 पुड़िया में मिली स्मैक

तलाशी के दौरान पुलिस ने 19 छोटी पुड़िया में कुल 2.75 ग्राम स्मैक बरामद की। इसके अलावा 13,200 रुपए नकद, पांच मोबाइल फोन, डिजिटल वजन मशीन, एल्युमिनियम फॉइल और दो लाइटर भी मिले।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी स्मैक की छोटी पुड़िया बनाकर करीब 400 से 500 रुपए में बेचते थे। आरोप है कि इनके निशाने पर स्कूल-कॉलेज के छात्र और युवा भी थे।

चार आरोपी पहले भी जा चुके हैं जेल

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आठ आरोपियों में चार का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। रौशन कुमार और अमन कुमार चौसा थाना कांड संख्या 202/22 में चोरी के मामले के आरोपी रहे हैं। वहीं उज्ज्वल कुमार शराब और रूपक कुमार कोरेक्स से जुड़े मामले में पूर्व में जेल जा चुके हैं।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रौशन कुमार, अमन कुमार, उज्ज्वल कुमार, रूपक कुमार, मोहम्मद सोनू, छोटू कुमार, बाबुल कुमार और सोनू कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस ने सभी के खिलाफ चौसा थाना कांड संख्या 253/26 दर्ज किया है। मामले में NDPS एक्ट की धारा 8(C)/21(B) के तहत कार्रवाई की गई है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई कार्रवाई की जानकारी

पुलिस ने रविवार को थाना परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि इलाके में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों ने युवाओं को नशे से दूर रहने और नशीले पदार्थों की तस्करी की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।