जमुई में बहू से रेप की कोशिश का आरोप: शराब के नशे में घर में घुसा ससुर, अकेली महिला को दबोचा; आरोपी गिरफ्तार
जमुई। चरकापत्थर थाना क्षेत्र के चौकीतांड इलाके में घर में अकेली महिला से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़िता ने गांव के ही एक व्यक्ति पर शराब के नशे में घर में घुसकर उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। महिला के आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता के अनुसार गुरुवार शाम करीब सात बजे उसका पति मजदूरी करने गया था और घर लौटने में देर हो रही थी। इसी दौरान भोजल यादव कथित तौर पर शराब के नशे में उसके घर में घुस आया। उसने पहले महिला से उसके पति के बारे में पूछा। पति के घर पर नहीं होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की।
शोर मचाने पर भागा आरोपी
महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसे पकड़कर घर के अंदर खींच लिया और उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। महिला ने विरोध करते हुए आरोपी को धक्का दिया और शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गया।
पीड़िता ने घटना के बाद आरोपी के पिता से भी शिकायत करने की बात कही है। महिला का आरोप है कि वहां भी उसे धमकाया गया।
एक साल पहले हुई थी शादी
पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी करीब एक साल पहले हुई है। वह मूल रूप से विजैया गांव की रहने वाली है और पिछले कुछ समय से अपने पति नीतीश यादव के साथ चौकीतांड में रह रही है। महिला के मुताबिक घटना के समय उसका पति घर पर नहीं था और वह अकेली थी।
पीड़िता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। महिला ने आरोपी को रिश्ते में अपना ससुर बताया है।
मेडिकल जांच और FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना के बाद महिला का मेडिकल परीक्षण सोनो अस्पताल में कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके की जांच कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं।
चरकापत्थर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि महिला के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवेदन में दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया गया है। पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल की जांच की है।
पुलिस ने आरोपी भोजल यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।