प्रशांत किशोर ने ली विधायक पद की शपथ, बांकीपुर की जनता को मिला नया विधायक
पटना: बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित प्रशांत किशोर ने सोमवार को विधायक पद की शपथ ले ली। बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने अपने चैंबर में उन्हें विधायक पद की शपथ दिलाई। शपथ लेने के साथ ही प्रशांत किशोर अब आधिकारिक रूप से विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा ले सकेंगे और अपने क्षेत्र से जुड़े मुद्दे सदन में उठा सकेंगे।
सोमवार को प्रशांत किशोर जन सुराज के समर्थकों के साथ विधानसभा पहुंचे। विधानसभा में कोई सत्र नहीं चल रहा है, इसलिए उन्हें स्पीकर के चैंबर में शपथ दिलाई गई।
बीजेपी उम्मीदवार को 19,246 वोटों से हराया
बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान हुआ था, जबकि चुनाव परिणाम 3 अगस्त को जारी किया गया। चुनाव में प्रशांत किशोर ने बीजेपी उम्मीदवार नीरज सिन्हा को 19,246 वोटों के बड़े अंतर से हराया।
वहीं, आरजेडी की उम्मीदवार रेखा गुप्ता की जमानत जब्त हो गई।
विधानसभा सत्र नहीं चलने के कारण चैंबर में हुई शपथ
आमतौर पर नवनिर्वाचित विधायकों को विधानसभा सत्र के दौरान ही शपथ दिलाई जाती है। लेकिन फिलहाल बिहार विधानसभा का कोई सत्र नहीं चल रहा है और मॉनसून सत्र भी समाप्त हो चुका है। ऐसे में शीतकालीन सत्र शुरू होने में समय होने के कारण विधानसभा अध्यक्ष अपने चैंबर में नवनिर्वाचित विधायक को शपथ दिला सकते हैं।
इसी प्रक्रिया के तहत सोमवार को प्रशांत किशोर ने विधायक पद की शपथ ली।
जीत के बाद तीन महीने में बदलाव का दावा
बांकीपुर में जीत के बाद प्रशांत किशोर ने क्षेत्र में तेजी से काम शुरू करने का दावा किया था। उन्होंने कहा था कि अगले 2 से 3 महीने के भीतर बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में स्पष्ट बदलाव दिखाई देने लगेगा।
उन्होंने युवाओं के रोजगार, बच्चों की शिक्षा, राशन और बुजुर्गों की पेंशन को लेकर कई घोषणाएं भी की थीं।
प्रशांत किशोर के चार प्रमुख ऐलान
1. 10 हजार युवाओं को रोजगार: क्षेत्र के 10 हजार युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी दिलाने की कोशिश करने की बात कही।
2. बच्चों की शिक्षा: बच्चों को निजी स्कूलों में पढ़ाने की व्यवस्था करने का ऐलान किया।
3. राशन कार्ड: राशन कार्ड से जुड़ी व्यवस्था को तीन महीने के भीतर सुधारने की कोशिश करने की बात कही।
4. बुजुर्गों की पेंशन: 60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को 1100 रुपये मासिक पेंशन दिलाने का दावा किया।
अब विधायक पद की शपथ लेने के बाद प्रशांत किशोर के सामने अपने चुनावी वादों को जमीन पर उतारने और बांकीपुर की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की चुनौती होगी।