Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS:604 ग्राम स्मैक के साथ मालदा का तस्कर गिरफ्तार, कीमत 70 लाख तक - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, August 17, 2026

BIHAR NEWS:604 ग्राम स्मैक के साथ मालदा का तस्कर गिरफ्तार, कीमत 70 लाख तक

अररिया में 604 ग्राम स्मैक के साथ मालदा का तस्कर गिरफ्तार, कीमत 70 लाख तक

अररिया: अररिया पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 604.2 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब 60 से 70 लाख रुपये है।

जीरोमाइल के पास डिलीवरी की मिली थी सूचना

एसपी जितेंद्र कुमार के निर्देश पर शुक्रवार 14 अगस्त को नगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति जीरोमाइल स्थित एकराम बाबू के एचपी पेट्रोल पंप के पास किसी को स्मैक की डिलीवरी देने वाला है। सूचना का सत्यापन करने के बाद नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की।

पुलिस को देखकर बस से उतरकर भागने लगा

पुलिस के अनुसार, आरोपी बस से उतरने के बाद पुलिस टीम को देखकर भागने लगा। जवानों ने पीछा कर उसे जीरोमाइल के पास ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 604.2 ग्राम स्मैक जैसा पदार्थ और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ।

मालदा का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के वैष्णव नगर थाना क्षेत्र के लखीपुर बोगदर टोला निवासी मो. इफ्तार शेख (27), पिता बीयोन शेख के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से जुड़ा रहा है।

हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बरामद पदार्थ को फिलहाल स्मैक बताया जा रहा है। इसकी वास्तविक प्रकृति और गुणवत्ता की पुष्टि लैब टेस्ट के बाद ही हो सकेगी।

एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज

मामले में अररिया थाना कांड संख्या 425/26 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस बरामद मोबाइल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

तस्करी नेटवर्क के लिंक खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब तस्करी नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। इसका उद्देश्य मादक पदार्थ की सप्लाई करने वाले और आगे डिलीवरी लेने या पहुंचाने वाले लोगों की पहचान करना है। जांच के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

डीआईयू टीम ने भी निभाई अहम भूमिका

कार्रवाई में नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक, पुअनि राज नारायण यादव, डीआईयू टीम और गृह रक्षक जवान शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में मादक पदार्थ तस्करों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। एसपी जितेंद्र कुमार ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।