पूर्णिया में ब्यूटी पार्लर की आड़ में स्मैक का धंधा, महिला संचालक समेत 2 गिरफ्तार
पूर्णिया में नशे के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 252.48 ग्राम स्मैक और 74,800 रुपए नकद बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने एक बाइक और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की है।
सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पाराशर के अनुसार, 22 अगस्त को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना और के.हाट थाना क्षेत्र में संयुक्त रूप से छापेमारी की गई। कार्यपालक दंडाधिकारी की मौजूदगी में विशेष टीम का गठन कर दोनों स्थानों पर कार्रवाई की गई।
एमआईटी कॉलेज के पास से 202.77 ग्राम स्मैक बरामद
पुलिस टीम ने सदर थाना क्षेत्र में एमआईटी कॉलेज के पास छापेमारी कर प्रमोद कुमार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 202.77 ग्राम स्मैक और 41,390 रुपए नकद बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से एक बाइक भी जब्त की।
राधा ब्यूटी पार्लर में मिली 49.71 ग्राम स्मैक
दूसरी कार्रवाई के.हाट थाना क्षेत्र के जनता चौक के पास ध्रुव उद्यान के समीप स्थित राधा ब्यूटी पार्लर में की गई। पुलिस के मुताबिक, यहां छापेमारी के दौरान 49.71 ग्राम स्मैक और 33,410 रुपए नकद बरामद हुए। इस मामले में पुलिस ने ब्यूटी पार्लर की संचालिका राधा देवी को गिरफ्तार किया है।
ब्यूटी पार्लर की आड़ में बिक्री और डिलीवरी का आरोप
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि ब्यूटी पार्लर की आड़ में कथित रूप से स्मैक की बिक्री और डिलीवरी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान सिंडिकेट में शामिल कई अन्य तस्करों और सप्लायरों के नाम सामने आए हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
संदिग्ध प्रतिष्ठानों की तैयार हो रही सूची
सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पाराशर ने बताया कि जिले में ऐसे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और संदिग्ध केंद्रों की सूची तैयार की जा रही है, जहां किसी प्रतिष्ठान की आड़ में अवैध नशे के कारोबार की आशंका है। पुलिस इन स्थानों की गतिविधियों की जांच कर रही है।
दोनों मामलों में संबंधित थानों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।