शिकारपुर थाने के ASI ₹4 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार, बिजली चोरी केस में बेल के एवज में मांगी थी रकम
पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शिकारपुर थाना में तैनात सहायक अवर निरीक्षक उपेन्द्र प्रसाद विद्यार्थी को ₹4,000 रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी सोमवार, 24 अगस्त 2026 को हाईस्कूल चौक उर्फ शहीद चौक, शिकारपुर से की गई।
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, शिकायतकर्ता अमृत कुमार ने आरोप लगाया था कि उनके पिता के खिलाफ बिजली चोरी से संबंधित शिकारपुर थाना कांड संख्या 794/26 में बेल दिलाने के एवज में आरोपी ASI द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने उसका सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की बात प्रथम दृष्टया सही पाई गई।
इसके बाद निगरानी थाना कांड संख्या 101/26, दिनांक 21 अगस्त 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस उपाधीक्षक सतीश चन्द्र माधव के नेतृत्व में गठित धावादल ने जाल बिछाकर आरोपी ASI को ₹4,000 लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद आरोपी को विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
2026 में 101वीं प्राथमिकी, 93वां ट्रैप कांड
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के मुताबिक, वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह 101वीं प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई है। इनमें यह 93वां ट्रैप कांड है। अब तक इन मामलों में कुल 91 अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है।
वर्ष 2026 में ट्रैप मामलों में अब तक ₹32 लाख 34 हजार 800 रुपये रिश्वत की राशि बरामद की जा चुकी है। वहीं, वर्ष 2025 में कुल 101 ट्रैप कांड दर्ज किए गए थे और ₹37 लाख 80 हजार 300 रुपये रिश्वत की राशि बरामद हुई थी।