Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल के शिक्षक की सड़क हादसे में मौत, 3 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, August 23, 2026

सुपौल के शिक्षक की सड़क हादसे में मौत, 3 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

सुपौल के शिक्षक की सड़क हादसे में मौत, 3 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

सुपौल के राघोपुर निवासी शिक्षक रविंद्र कुमार यादव (35) की शनिवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। दुर्घटना एनएच-27 पर उस समय हुई, जब वे मधुबनी जिले के झंझारपुर स्थित अपने स्कूल से पैतृक गांव लौट रहे थे। हादसे में शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई।

रविंद्र कुमार यादव राघोपुर थाना क्षेत्र की देवीपुर पंचायत के कोरियापट्टी वार्ड नंबर-14 के रहने वाले थे। वे मधुबनी जिले के झंझारपुर स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय सुसारी तुर्की में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। शनिवार दोपहर करीब दो बजे वे स्कूल से घर के लिए निकले थे। इसी दौरान एनएच-27 पर उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उनकी जान चली गई।

तीन बच्चों के पिता थे रविंद्र

रविंद्र कुमार यादव अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य और मुख्य सहारा थे। उनके परिवार में पत्नी प्रियंका कुमारी के अलावा दो बेटियां और एक बेटा है। तीनों बच्चे अभी छोटे हैं। पति की अचानक मौत की खबर मिलने के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।

पिता की मौत से तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। परिवार पर अचानक आए इस दुख से परिजनों और ग्रामीणों में शोक का माहौल है।

दो भाइयों में बड़े थे

मृतक के पिता देवाराम यादव देवीपुर पंचायत में वार्ड सदस्य के प्रतिनिधि हैं। रविंद्र दो भाइयों में बड़े थे, जबकि उनके छोटे भाई अभी पढ़ाई कर रहे हैं। बेटे की असामयिक मौत से माता-पिता भी सदमे में हैं।

गांव पहुंचा शव तो पसरा मातम

शनिवार देर रात रविंद्र का शव उनके पैतृक गांव पहुंचा। शव पहुंचते ही पूरे इलाके में मातम पसर गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित उनके घर पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी।

ग्रामीणों के अनुसार, रविंद्र मिलनसार स्वभाव के थे और शिक्षक के रूप में अपने कार्य के प्रति काफी समर्पित थे। उनके निधन से परिवार ने अपना सहारा खो दिया, वहीं गांव और शिक्षा जगत ने भी एक होनहार शिक्षक को खो दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।