मोतिहारी में हथियारों की बड़ी खेप बरामद, 5 पिस्टल के साथ तस्कर गिरफ्तार
मोतिहारी में पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 5 पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस और 10 मैगजीन बरामद की हैं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मजुराहां फायरिंग रेंज के पास हथियारों की बड़ी खेप की सप्लाई होने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की। इसी दौरान झोला लेकर संदिग्ध अवस्था में जा रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. अहमद, पिता नूर मोहम्मद, निवासी मुस्तफापुर, थाना विभूतिपुर, जिला समस्तीपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके झोले से हथियार और कारतूस बरामद किए गए।
एसडीपीओ सदर-1 मोतिहारी दिलीप कुमार ने बताया कि पुलिस को हथियारों की सप्लाई की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के बाद तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई की गई और हथियारों के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें किस व्यक्ति या गिरोह को सप्लाई किया जाना था। आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की भी जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आ सकते हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।