शेखपुरा में मरीज ढोने की जगह शराब तस्करी कर रही थी एंबुलेंस, 239 बोतल विदेशी शराब बरामद
शेखपुरा। शेखपुरा के कोसुंभा थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग की टीम ने वाहन जांच के दौरान एक एंबुलेंस से 10 कार्टन विदेशी शराब बरामद की है। मरीजों को अस्पताल पहुंचाने वाली एंबुलेंस का इस्तेमाल शराब की तस्करी के लिए किया जा रहा था। पुलिस ने एंबुलेंस को जब्त करते हुए उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
उत्पाद विभाग की यह कार्रवाई काशीचक मोड़ के पास की गई। छापेमारी का नेतृत्व उत्पाद थाना शेखपुरा के एएसआई अमरजीत कुमार ने किया।
पुलिस को देखकर एंबुलेंस चालक ने भागने की कोशिश की
उत्पाद थाना अध्यक्ष सह उत्पाद निरीक्षक अमित आनंद के अनुसार, उत्पाद पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नवादा की ओर से एक एंबुलेंस में छिपाकर बड़ी मात्रा में विदेशी शराब शेखपुरा लाई जा रही है।
सूचना मिलने के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने शेखपुरा और नवादा के सीमावर्ती क्षेत्र में सादी वर्दी में निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध एंबुलेंस को पुलिस ने वाहन जांच के लिए रोकने का प्रयास किया।
पुलिस को देखते ही चालक एंबुलेंस को पीछे मोड़कर भागने लगा। उत्पाद विभाग की टीम ने करीब एक किलोमीटर तक पीछा करने के बाद एंबुलेंस को रोक लिया और चालक को पकड़ लिया।
लाइनरों ने चालक को छुड़ाने की कोशिश की
पुलिस के अनुसार, एंबुलेंस का पीछा किए जाने के दौरान शराब तस्करी से जुड़े कुछ लाइनर बाइक से मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस टीम से उलझकर चालक को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन उनका प्रयास सफल नहीं हुआ।
पुलिस टीम एंबुलेंस और चालक को अपने कब्जे में लेकर उत्पाद थाना पहुंची। इसके बाद एंबुलेंस की गहन तलाशी ली गई।
मरीज के बेड के नीचे छिपाई थी शराब
तलाशी के दौरान एंबुलेंस के अंदर मरीज के बेड के नीचे छिपाकर रखे गए 10 कार्टन बरामद हुए। इन कार्टनों में कुल 239 बोतल विदेशी शराब मिली।
उत्पाद विभाग ने शराब के साथ एंबुलेंस को भी जब्त कर लिया है। मामले में उत्पाद थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
लखीसराय का रहने वाला है गिरफ्तार चालक
गिरफ्तार एंबुलेंस चालक की पहचान प्रमोद कुमार के रूप में हुई है। वह लखीसराय जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के औरे गांव निवासी कारू राम का पुत्र बताया गया है।
पुलिस गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे शेखपुरा में किसे पहुंचाया जाना था। साथ ही, तस्करी के पीछे जुड़े अन्य लोगों और लाइनरों की पहचान भी की जा रही है।
उत्पाद विभाग का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।