Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR: नशे में डायल-112 चालक ने 3 लोगों को मारी टक्कर: साइकिल सवार के दोनों पैर जख्मी, बाइक भी क्षतिग्रस्त; चालक हिरासत में - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, August 31, 2026

BIHAR: नशे में डायल-112 चालक ने 3 लोगों को मारी टक्कर: साइकिल सवार के दोनों पैर जख्मी, बाइक भी क्षतिग्रस्त; चालक हिरासत में

मुजफ्फरपुर में नशे में डायल-112 चालक ने 3 लोगों को मारी टक्कर: साइकिल सवार के दोनों पैर जख्मी, बाइक भी क्षतिग्रस्त; चालक हिरासत में

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर में डायल-112 की गाड़ी चला रहे चालक पर शराब के नशे में वाहन चलाकर तीन लोगों को अपनी चपेट में लेने का आरोप लगा है। घटना सोमवार को सदर थाना क्षेत्र के रामदयालु नगर रोड में हुई। हादसे में साइकिल सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।

घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए और हंगामा करने लगे। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डायल-112 चालक संतोष कुमार को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, चालक की जांच में उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है।

पहले साइकिल सवार को मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, डायल-112 का चालक संतोष कुमार रामदयालु नगर रोड से सरकारी वाहन लेकर जा रहा था। आरोप है कि नशे की हालत में वाहन चलाते हुए उसने सबसे पहले साइकिल सवार बारामतपुर निवासी शत्रुघ्न राय को टक्कर मार दी।

हादसे में शत्रुघ्न राय के दोनों पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इसके बाद डायल-112 की गाड़ी ने बाइक सवार मनीष कुमार को भी टक्कर मार दी।

मनीष कुमार हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के चक चमेली गांव के रहने वाले हैं। हादसे में उनकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि वह खुद बाल-बाल बच गए।

हादसे के बाद लोगों ने किया हंगामा

एक के बाद एक दो लोगों को टक्कर लगने के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने डायल-112 चालक के खिलाफ जमकर विरोध जताया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था।

सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर उसकी जांच कराई। जांच में अल्कोहल की पुष्टि होने की बात सामने आई है।

पीड़ित ने अभद्र व्यवहार का लगाया आरोप

बाइक सवार मनीष कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह हाजीपुर से बाइक से मुजफ्फरपुर आ रहे थे। रामदयालु के पास उन्होंने देखा कि डायल-112 की गाड़ी ने पहले साइकिल सवार को टक्कर मारी।

इसके बाद डायल-112 वाहन ने उनकी बाइक में भी जोरदार टक्कर मार दी। मनीष का आरोप है कि हादसे का विरोध करने पर चालक ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।

इसके बाद स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया और पुलिस को सूचना दी गई।

FIR की प्रक्रिया शुरू

घटना के बाद पीड़ित की ओर से सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया है। पुलिस ने घायल शत्रुघ्न राय के परिजनों और पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि डायल-112 चालक की जांच कराई गई थी, जिसमें अल्कोहल की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि आरोपी चालक के खिलाफ आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

शराबबंदी वाले बिहार में पुलिसकर्मी के चालक पर गंभीर आरोप

बिहार में वर्ष 2016 से पूर्ण शराबबंदी लागू है। इसके बावजूद शराब के अवैध सेवन और तस्करी के मामले लगातार सामने आते रहे हैं। ऐसे में डायल-112 जैसे आपातकालीन पुलिस वाहन के चालक पर शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप लगना गंभीर मामला माना जा रहा है।

फिलहाल पुलिस हादसे के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। साथ ही घायल लोगों के इलाज और पीड़ित के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।