Kosi Live-कोशी लाइव लगान' और 'गजनी' फेम अभिनेता प्रदीप रावत का निधन, 74 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस; कैंसर से थे पीड़ित - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, August 5, 2026

लगान' और 'गजनी' फेम अभिनेता प्रदीप रावत का निधन, 74 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस; कैंसर से थे पीड़ित


मुंबई: हिंदी और दक्षिण भारतीय सिनेमा के चर्चित अभिनेता प्रदीप रावत का मंगलवार शाम 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह कैंसर से जूझ रहे थे और बीमारी दोबारा लौट आने के बाद पिछले एक महीने से मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती थे। उनके निधन की पुष्टि उनके मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी ने की है।

प्रदीप रावत के निधन की खबर सबसे पहले अभिनेता यशपाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देकर साझा की। वहीं, अभिनेता सोनू सूद ने भी उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी कमी हमेशा महसूस होगी।

21 जनवरी 1952 को मध्य प्रदेश के जबलपुर में जन्मे प्रदीप रावत ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत बी.आर. चोपड़ा के लोकप्रिय धारावाहिक 'महाभारत' में अश्वत्थामा की भूमिका निभाकर की थी। इसके बाद उन्होंने हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली और भोजपुरी फिल्मों में अपनी दमदार अभिनय से अलग पहचान बनाई।

हिंदी सिनेमा में उन्हें 'लगान', 'सरफरोश', 'गजनी' और 'ग्रैंड मस्ती' जैसी फिल्मों में निभाए गए प्रभावशाली किरदारों के लिए जाना जाता है। फिल्म 'गजनी' में उनका खलनायक का किरदार आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय है। उन्होंने पहले तमिल फिल्म 'गजनी' (2005) में और बाद में उसके हिंदी रीमेक में भी वही भूमिका निभाई थी।

प्रदीप रावत की आखिरी हिंदी फिल्म 'छावा' थी, जो 14 फरवरी 2025 को रिलीज हुई थी।

कुछ महीने पहले फिल्म 'सिकंदर' की प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिनेता सलमान खान ने भी प्रदीप रावत का जिक्र करते हुए बताया था कि निर्देशक ए.आर. मुरुगदास ने उनके स्वभाव को लेकर की गई टिप्पणी के कारण उन्हें 'गजनी' नहीं मिली थी। सलमान और प्रदीप रावत ने 'बागी', 'पत्थर के फूल' और 'संगदिल सनम' जैसी कई फिल्मों में साथ काम किया था।

प्रदीप रावत के निधन से फिल्म और टीवी जगत में शोक की लहर है। उनके प्रशंसक और साथी कलाकार सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि देकर उनकी यादों को साझा कर रहे हैं।