जहानाबाद में 50 लाख की विदेशी शराब जब्त, भूसे के बीच बना रखा था गुप्त बॉक्स; ट्रक चालक और खलासी गिरफ्तार
जहानाबाद। जिले में शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग की टीम को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार को मखदुमपुर प्रखंड के उमता-धरनई के समीप वाहन जांच के दौरान विदेशी शराब से लदे एक ट्रक को जब्त किया गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक बरामद शराब की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक और सहचालक को भी गिरफ्तार किया गया है।
हरियाणा से पटना ले जाई जा रही थी शराब की खेप
उत्पाद विभाग की पुलिस को मंगलवार दोपहर सूचना मिली थी कि एक ट्रक के जरिए बड़ी मात्रा में अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित की गई। इसके बाद टीम ने उमता-धरनई के पास वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान संदेह के आधार पर एक ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक में शराब छिपाने के लिए किए गए इंतजाम को देखकर उत्पाद विभाग की टीम भी हैरान रह गई।
भूसे की बोरियों के बीच बनाया था गुप्त बॉक्स
तलाशी के दौरान ट्रक में भूसे की बोरियों के बीच एक अलग बॉक्स बनाया हुआ मिला। टीम ने जब बॉक्स को खोलकर देखा तो उसके अंदर बड़ी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी।
इसके बाद उत्पाद विभाग ने ट्रक को जब्त कर लिया और उसमें सवार चालक एवं सहचालक को हिरासत में ले लिया। फिलहाल जब्त शराब की बोतलों की गिनती की जा रही है। गिनती पूरी होने के बाद शराब की कुल मात्रा और वास्तविक कीमत स्पष्ट हो सकेगी।
राजस्थान के रहने वाले हैं चालक और खलासी
गिरफ्तार चालक की पहचान प्रवीण सिंह के रूप में हुई है, जो राजस्थान का रहने वाला बताया गया है। वहीं सहचालक की पहचान रमेश कुमार मीणा के रूप में हुई है। दोनों से उत्पाद विभाग की टीम पूछताछ कर रही है।
20 हजार रुपये में ट्रक ले जाने का दावा
पूछताछ के दौरान चालक और सहचालक ने उत्पाद विभाग को बताया कि उन्हें ट्रक को ले जाने के लिए 20 हजार रुपये दिए गए थे। दोनों ने यह भी दावा किया कि उन्हें ट्रक में शराब छिपाकर रखे जाने की जानकारी नहीं थी।
हालांकि, उत्पाद विभाग उनके इस दावे को लेकर जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।
तस्करी के नेटवर्क की तलाश में जुटी टीम
उत्पाद विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि शराब की खेप हरियाणा से कहां से लोड की गई थी और पटना में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। मामले में शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।