Kosi Live-कोशी लाइव पूर्णिया में नकली सिगरेट के बड़े सिंडिकेट का खुलासा, 35-40 हजार पीस जब्त; 3 हिरासत में - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, August 19, 2026

पूर्णिया में नकली सिगरेट के बड़े सिंडिकेट का खुलासा, 35-40 हजार पीस जब्त; 3 हिरासत में

पूर्णिया में नकली सिगरेट के बड़े सिंडिकेट का खुलासा, 35-40 हजार पीस जब्त; 3 हिरासत में

पूर्णिया: जिले के सदर थाना क्षेत्र में नामी ब्रांड के नाम पर नकली सिगरेट बेचने वाले एक बड़े नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। कंपनी की शिकायत पर सदर थाना पुलिस और सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पाराशर के नेतृत्व में गुलाबबाग के राम मोहिनी चौक और आसपास के इलाकों में दुकानों व संदिग्ध गोदामों पर छापेमारी की गयी। कार्रवाई के दौरान करीब 35 से 40 हजार पीस नकली सिगरेट बरामद होने की बात सामने आयी है। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

दुकानों और गोदामों में हुई छापेमारी

पुलिस के अनुसार, कंपनी की विशेष टीम से सूचना मिली थी कि गुलाबबाग इलाके में कुछ दुकानों पर नामी कंपनी के ब्रांड से मिलते-जुलते नाम और पैकेजिंग का इस्तेमाल कर नकली सिगरेट बेची जा रही है। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने राम मोहिनी चौक के आसपास छापेमारी की।

एक दुकान से करीब 13,500 पीस नकली सिगरेट बरामद की गयी। इसके अलावा अन्य दुकानों और संदिग्ध गोदामों से भी बड़ी मात्रा में सिगरेट मिली। बरामद स्टॉक की गिनती और जांच की प्रक्रिया जारी है।

तीन संदिग्ध हिरासत में, कई कारोबारी फरार

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मामले से जुड़े तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर नकली सिगरेट के नेटवर्क और इसके पीछे जुड़े लोगों की जानकारी जुटायी जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, छापेमारी की भनक लगते ही कुछ कारोबारी गोदामों में ताला लगाकर फरार हो गये। फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है। संदिग्ध गोदामों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती भी की गयी है।

कई जिलों में सप्लाई का शक

कंपनी के दिल्ली प्रतिनिधि जगमीत सिंह रंधावा के अनुसार, पिछले कई महीनों से गुलाबबाग के थोक बाजार से आसपास के कई जिलों में नकली सिगरेट की आपूर्ति किये जाने की जानकारी मिल रही थी। इस संबंध में एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन से शिकायत की गयी थी। शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छापेमारी की।

नामी ब्रांड से मिलते-जुलते नामों का इस्तेमाल

कंपनी प्रतिनिधि के अनुसार, नकली सिगरेट को बाजार में खपाने के लिए नामी ब्रांड से मिलते-जुलते नाम और पैकेजिंग का इस्तेमाल किया जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 'चार्म्स' से मिलता-जुलता 'चान्सेस' और 'टोटल' से मिलता-जुलता 'टोटल्स' नाम इस्तेमाल किया गया।

कंपनी का दावा है कि नकली सिगरेट की बिक्री से सरकार को मिलने वाले टैक्स में भी नुकसान होता है। साथ ही, कंपनी प्रतिनिधि ने आशंका जतायी कि नकली उत्पादों में निकोटीन और अन्य रसायनों की मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं होने से इनके सेवन से स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली सिगरेट का निर्माण कहां किया जा रहा था और पूर्णिया से किन-किन जिलों में इसकी सप्लाई की जा रही थी।