सहरसा में 15 गंभीर मामलों का आरोपी कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, हत्या-लूट और डकैती में था वांछित
सहरसा जिले में सोनवर्षाराज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी मृत्युंजय यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट समेत कुल 15 गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।
सिमरी बख्तियारपुर के प्रभारी एसडीपीओ धीरेन्द्र कुमार पांडे ने गुरुवार दोपहर प्रेस वार्ता कर गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृत्युंजय यादव सोनवर्षाराज थाना कांड संख्या 180/2026 का नामजद आरोपी है।
15 गंभीर मामलों में रहा है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनवर्षाराज थाना क्षेत्र के गाजीपैता गांव निवासी श्याम सुन्दर यादव उर्फ सुनर यादव के पुत्र मृत्युंजय यादव के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, मृत्युंजय यादव का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वह सोनवर्षाराज, बसनही और महिषी थाना क्षेत्रों में दर्ज हत्या, डकैती, लूट, रंगदारी, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट समेत 15 गंभीर मामलों में संलिप्त रहा है।
हत्या और डकैती समेत कई केस दर्ज
पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ सोनवर्षाराज थाना में हत्या से संबंधित धारा 302 के दो मामले, जबकि लूट और डकैती से जुड़े धारा 392, 394 और 395 के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा रंगदारी से संबंधित धारा 385/386 और आर्म्स एक्ट के तहत भी कई मामले दर्ज हैं।
वहीं, बसनही और महिषी थाना क्षेत्रों में भी उसके खिलाफ डकैती और अवैध हथियार रखने से संबंधित मामले पंजीकृत हैं।
न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी
पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी और मेडिकल प्रक्रिया पूरी करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने को लेकर स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की है।