Kosi Live-कोशी लाइव पूर्णिया में चेकपोस्ट प्रभारी पर FIR: 70 हजार रुपये लेकर स्मैक-शराब की खेप पार कराने का आरोप, दो होमगार्ड समेत 5 गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, August 29, 2026

पूर्णिया में चेकपोस्ट प्रभारी पर FIR: 70 हजार रुपये लेकर स्मैक-शराब की खेप पार कराने का आरोप, दो होमगार्ड समेत 5 गिरफ्तार

पूर्णिया में चेकपोस्ट प्रभारी पर FIR: 70 हजार रुपये लेकर स्मैक-शराब की खेप पार कराने का आरोप, दो होमगार्ड समेत 5 गिरफ्तार

पूर्णिया। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान मद्य निषेध विभाग के दालकोला चेकपोस्ट की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। पुलिस ने करीब 40 लाख रुपये कीमत की 406 ग्राम स्मैक बरामदगी के मामले में चेकपोस्ट प्रभारी दुर्गेश कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच में चेकपोस्ट से स्मैक और अवैध शराब की खेप पार कराने में उनकी कथित संलिप्तता सामने आई है।

इस मामले में पुलिस अब तक तीन अंतरराज्यीय तस्करों और मद्य निषेध विभाग के दो होमगार्ड जवानों समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार होमगार्ड जवानों पर आरोप है कि वे तस्करों से पैसे लेकर अवैध सामान को दालकोला चेकपोस्ट से पार कराने में सहयोग करते थे।

70 हजार रुपये लेकर पार कराते थे तस्करी की खेप

एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन के अनुसार, डीआईयू, सदर एसडीपीओ-1 और बायसी एसडीपीओ की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना क्षेत्र में कार्रवाई की थी। इसी दौरान स्मैक की बड़ी खेप के साथ तीन तस्करों को पकड़ा गया।

पूछताछ में तस्करों से मिली जानकारी के आधार पर दालकोला चेकपोस्ट पर तैनात मद्य निषेध विभाग के होमगार्ड जवानों की भूमिका सामने आई। पुलिस के मुताबिक, आकाश उरांव, ब्रजकिशोर कुमार और राजकिशोर कुमार तस्करों से कथित तौर पर करीब 70 हजार रुपये लेकर स्मैक और अवैध शराब की खेप चेकपोस्ट से पार करवाते थे।

दो होमगार्ड जवान गिरफ्तार

मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दालकोला चेकपोस्ट से आकाश उरांव और ब्रजकिशोर कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तीसरे जवान राजकिशोर कुमार की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार होमगार्ड जवान आकाश उरांव के पास से 55 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। वहीं, तस्करों के पास से भी 40 हजार रुपये बरामद होने की बात सामने आई है।

पूछताछ के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि होमगार्ड जवानों ने पहले जब्त किए गए स्मैक को कथित तौर पर अवैध तरीके से बेचकर रकम हासिल की थी। पुलिस अब इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि पहले जब्त किए गए मादक पदार्थों का कहीं दुरुपयोग तो नहीं किया गया।

चेकपोस्ट प्रभारी को भी देते थे हिस्सा

पुलिस जांच में सबसे गंभीर खुलासा यह हुआ कि होमगार्ड जवानों ने पूछताछ में कथित तौर पर चेकपोस्ट प्रभारी दुर्गेश कुमार को भी हिस्सा देने की बात स्वीकार की है। इसके बाद पुलिस ने चेकपोस्ट प्रभारी के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जांच के दायरे में लिया है।

पुलिस का कहना है कि तस्करों से चेकपोस्ट पार कराने के बदले होमगार्ड जवानों को मिलने वाली रकम में से चेकपोस्ट प्रभारी को भी हिस्सा दिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, मामले में प्रभारी की वास्तविक भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

पहले भी सामने आ चुकी है चेकपोस्ट कर्मी की संलिप्तता

एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने बताया कि दालकोला चेकपोस्ट से जुड़े इस तरह के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। कुछ समय पहले चेकपोस्ट पर स्कैनिंग का काम करने वाले एक कर्मी की भी संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्तता सामने आई थी। उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजा गया था।

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद अब पुलिस और मद्य निषेध विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि चेकपोस्ट के जरिए कितने समय से तस्करी की खेप पार कराई जा रही थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।

रामबाग से 406 ग्राम स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

दरअसल, पूर्णिया पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना क्षेत्र के रामबाग में कार्रवाई कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया था। इनके पास से 406 ग्राम स्मैक बरामद हुई थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल कुमार और सन्नी कुमार, दोनों रामबाग निवासी, के रूप में हुई है। तीसरा आरोपी सुभान शेख पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक का रहने वाला बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक, सुभान शेख पश्चिम बंगाल के कालियाचक से स्मैक लाकर पूर्णिया में सप्लाई करता था। वहीं, विशाल और सन्नी स्थानीय स्तर पर स्मैक की बिक्री और खपत के लिए इसे आगे पहुंचाते थे।

पुलिस पूरे नेटवर्क की कर रही जांच

406 ग्राम स्मैक की बरामदगी के बाद शुरू हुई जांच अब केवल तस्करों तक सीमित नहीं रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पश्चिम बंगाल से बिहार तक मादक पदार्थों की खेप किस नेटवर्क के जरिए पहुंचती थी और दालकोला चेकपोस्ट पर तस्करों को कथित रूप से किस तरह मदद मिलती थी।

चेकपोस्ट प्रभारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अब पुलिस रिश्वतखोरी, जब्त मादक पदार्थों की कथित बिक्री और तस्करी की खेप पार कराने में सरकारी कर्मियों की भूमिका समेत कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। मामले में आगे और लोगों की गिरफ्तारी या कार्रवाई होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।