Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:42 लाख का गांजा बरामद, पूर्व सैनिक समेत दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, August 27, 2026

BIHAR:42 लाख का गांजा बरामद, पूर्व सैनिक समेत दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

किशनगंज में 42 लाख का गांजा बरामद, पूर्व सैनिक समेत दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

किशनगंज जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोचाधामन थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने 80.900 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 42 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 14,820 रुपये नकद और मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उत्तराखंड के देहरादून निवासी 59 वर्षीय विपिन पवार और किशनगंज के खगड़ा मझिया टोला निवासी 56 वर्षीय मुजिबुर रहमान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, विपिन पवार पूर्व सैनिक है।

एसपी को मिली गुप्त सूचना, विशेष टीम ने की कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को 26 अगस्त को सूचना मिली थी कि चार पहिया वाहन से गांजा की बड़ी खेप किशनगंज से कोचाधामन थाना क्षेत्र होते हुए दरभंगा ले जायी जा रही है। सूचना के बाद एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

टीम में एएनटीएफ किशनगंज, कोचाधामन थाना और धनपुरा पिकेट के पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों को शामिल किया गया। इसके बाद कोचाधामन थाना क्षेत्र के पुनास गांव की मुख्य सड़क पर वाहन जांच शुरू की गई।

इसी दौरान रहमतपाड़ा चौक की ओर से तेज गति से आ रही एक सफेद रंग की कार को पुलिस ने घेराबंदी कर रोक लिया। वाहन का नंबर BR-11-BZ-1165 बताया गया है। तलाशी के दौरान कार की डिक्की में रखे सूटकेस और बैग से 80.900 किलो गांजा बरामद किया गया।

असम से गांजा लाकर दरभंगा पहुंचाने की थी योजना

एसपी संतोष कुमार के अनुसार, पूछताछ में विपिन पवार ने बताया कि गांजा असम से लाकर दरभंगा के तस्करों को उपलब्ध कराया जाता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।

जांच एजेंसियां असम और दरभंगा से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं। पुलिस गांजा तस्करी के नेटवर्क का बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है।

मोबाइल से खुलेगा तस्करी नेटवर्क का राज

गिरफ्तार आरोपितों के मोबाइल फोन का तकनीकी अनुसंधान भी किया जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि मोबाइल में मौजूद कॉल डिटेल और अन्य जानकारी के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आ सकती है।

पुलिस ने अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार उसे जब्त करने की कार्रवाई करने की भी बात कही है।

मामले में कोचाधामन थाना कांड संख्या 451/26, दिनांक 26 अगस्त 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(c), 20(b)(ii)(c) और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।