पटना में सड़क हादसे के बाद बवाल: युवक की मौत पर हिंसा, बस समेत 10 वाहन और ट्रैफिक पुलिस पोस्ट में आग
विस्तृत खबर:
बिहार की राजधानी पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र स्थित जीरो माइल के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हिंसा भड़क उठी। तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।
गुस्साई भीड़ ने दुर्घटना में शामिल बस को आग के हवाले कर दिया। आग बुझाने पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम को भी प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने से रोक दिया। हालात बिगड़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उपद्रवियों ने पुलिस वाहनों को भी निशाना बनाया।
हिंसा के दौरान दो पुलिस वाहन, कई बसें, पांच से अधिक बाइक और अन्य वाहनों समेत करीब 10 गाड़ियों में आग लगा दी गई। आसपास खड़े कई वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई। इतना ही नहीं, जीरो माइल स्थित ट्रैफिक पुलिस चौकी को भी आग के हवाले कर दिया गया।
आक्रोशित भीड़ ने नेशनल हाईवे-30 को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद कुछ पत्रकारों के साथ भी मारपीट की गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नौ थानों की पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर भीड़ को हटाने की कार्रवाई शुरू की, जिसके बाद धीरे-धीरे हालात पर काबू पाया गया।
पटना के एएसपी राज किशोर सिंह ने बताया कि सड़क पार कर रहे युवक को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों ने सड़क जाम कर दिया और दुर्घटना में शामिल वाहन के साथ पुलिस की एक गाड़ी में भी आग लगा दी। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि जिस बस में आग लगाई गई, उसमें उस समय यात्री मौजूद थे या नहीं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आगजनी व हिंसा में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। साथ ही आगजनी से हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।
