Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:सहरसा में सड़क हादसे में मदर डेयरी एजेंसी संचालक की मौत, साथी फरार; परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, July 17, 2026

SAHARSA:सहरसा में सड़क हादसे में मदर डेयरी एजेंसी संचालक की मौत, साथी फरार; परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

हेडलाइन:

सहरसा में सड़क हादसे में मदर डेयरी एजेंसी संचालक की मौत, साथी फरार; परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

सहरसा। नगर थाना क्षेत्र के पंचवटी चौक के समीप गुरुवार देर शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 34 वर्षीय युवक अमन कुमार की मौत हो गई। मृतक नगर निगम वार्ड संख्या-40 (सराही) निवासी श्रीराम यादव के पुत्र थे। घटना के बाद से उनके साथ मौजूद दूसरा युवक फरार बताया जा रहा है। इसे लेकर परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं।

जानकारी के अनुसार, अमन कुमार अविवाहित थे और तीन भाइयों में दूसरे स्थान पर थे। उन्होंने करीब तीन महीने पहले ही मदर डेयरी की एजेंसी शुरू की थी और दूध के व्यवसाय से जुड़े हुए थे। गुरुवार की रात वह व्यवसाय से संबंधित बकाया राशि की वसूली के लिए बाजार निकले थे। रात करीब 10:30 बजे परिजनों को सूचना मिली कि पंचवटी चौक के समीप उनका सड़क हादसा हो गया है।

मृतक के मित्र राहुल कुमार का आरोप है कि जब वे घटनास्थल पर पहुंचे तो अमन गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़े थे। आसपास काफी संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन मदद करने के बजाय कई लोग वीडियो बना रहे थे। उनका यह भी आरोप है कि मौके पर पुलिस की गश्ती गाड़ी मौजूद होने के बावजूद घायल को तत्काल अस्पताल नहीं पहुंचाया गया। परिजनों का कहना है कि यदि समय पर इलाज मिलता तो शायद अमन की जान बचाई जा सकती थी।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ है। परिजनों का दावा है कि वीडियो में अमन सड़क पर अचेत पड़े दिखाई दे रहे हैं, जबकि उनके साथ स्कूटी पर मौजूद दूसरा युवक विकास कुमार घटनास्थल से जाता हुआ नजर आ रहा है। परिजनों के अनुसार, घटना के बाद से विकास का मोबाइल स्विच ऑफ है और उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है। हालांकि, इस वीडियो और दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

शुक्रवार सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सदर थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल के साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।