दिघलबैंक (किशनगंज)। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अवैध तस्करी और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे महा-अभियान के तहत सुरक्षा एजेंसियों को लगातार तीसरी बड़ी सफलता मिली है।एसएसबी की 12वीं बटालियन, दिघलबैंक थाना पुलिस और विशेष नारकोटिक्स टीम (NTS) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय तस्करों की कमर तोड़ दी है।
खरवन टोला में महा-छापेमारी
सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर धनतोला पंचायत के खरवन टोला गांव की तगड़ी घेराबंदी कर एक बड़े संदिग्ध ठिकाने पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से तस्करी के इस पूरे खेल में संलिप्त 11 शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 175 ग्राम कीमती ब्राउन शुगर बरामद हुई।
विदेशी मुद्रा भी बरामद
एसएसबी के सहायक कमांडेंट शिवराम कृष्णन और दिघलबैंक थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई इस बड़ी छापेमारी से सीमाई इलाके में हड़कंप मच गया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नशीले पदार्थों के साथ ही 8 लाख 13 हजार से अधिक भारतीय रुपये और 2 लाख से ज्यादा नेपाली रुपये मिले हैं।
पाकिस्तानी नोट भी मिला
इस ड्रग्स सिंडिकेट के पास से प्रतिबंधित 300 नाइट्राजेपाम टैबलेट, दो डिजिटल वजन मशीन, 12 मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिलें और 100 रुपये की पाकिस्तानी करेंसी भी मिली है। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा एजेंसियों को गंभीर आशंका है कि गिरफ्तार किए गए सभी तस्कर भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय किसी बड़े संगठित नेटवर्क से जुड़े हुए हैं।
चाइनीज सेब की खेप
इसी कड़ी में एसएसबी की 12वीं बटालियन की दिघलबैंक कंपनी के सहायक कमांडेंट मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने एक और सफल संयुक्त छापेमारी की। टीम ने भारत-नेपाल बॉर्डर के पिलर संख्या 133/18 एस के पास भारतीय क्षेत्र में तस्करी के लिए छिपाकर रखे गए प्रतिबंधित चाइनीज सेब बरामद किए।
दो तस्कर हुए गिरफ्तार
सुरक्षा बलों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से बालूबाड़ी निवासी इमाम हुसैन और आरिफ अंसारी नामक दो शातिर तस्करों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से भारी मात्रा में कुल 52 पेटी प्रतिबंधित चाइनीज सेब जब्त किए गए हैं, जिन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए ठाकुरगंज कस्टम को सौंपा जाएगा।
नेपाल से लाते थे
सहायक कमांडेंट मनोज कुमार ने बताया कि दोनों आरोपी नेपाल के रास्ते इस प्रतिबंधित सेब को भारत लाकर सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध रूप से स्टॉक करते थे। इसके बाद मौका पाकर अन्य स्थानीय तस्करों के माध्यम से भारतीय बाजारों में इसकी चोरी-छिपे सप्लाई की जाती थी, जिसके पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
मेची ब्रिज पर कार्रवाई
बॉर्डर पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ जारी इसी मुस्तैदी के तहत एसएसबी की 41वीं बटालियन ने पानीटंकी स्थित न्यू मेची ब्रिज पर एक और बड़ी कामयाबी हासिल की। चेकिंग के दौरान बिना वैध दस्तावेजों के एक संदिग्ध कार से नेपाल ले जाई जा रही 9.74 लाख रुपये की भारी-भरकम भारतीय मुद्रा को जब्त किया गया है।