Kosi Live-कोशी लाइव पूर्णिया में मोबाइल छीनकर R15 बाइक से भाग रहे बदमाश को लोगों ने दबोचा, जमकर की पिटाई; साथी बाइक छोड़कर फरार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, July 17, 2026

पूर्णिया में मोबाइल छीनकर R15 बाइक से भाग रहे बदमाश को लोगों ने दबोचा, जमकर की पिटाई; साथी बाइक छोड़कर फरार

हेडलाइन:

पूर्णिया में मोबाइल छीनकर भाग रहे बदमाश को लोगों ने दबोचा, जमकर की पिटाई; साथी बाइक छोड़कर फरार


पूर्णिया: पूर्णिया शहर में दिनदहाड़े मोबाइल छिनतई की कोशिश एक बदमाश पर भारी पड़ गई। के. हाट थाना क्षेत्र में टोटो सवार से मोबाइल छीनकर भाग रहे दो बाइक सवार बदमाशों में से एक को स्थानीय लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।

टोटो सवार से मोबाइल छीनकर भाग रहे थे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार को लॉयन्स क्लब से आगे पंचमुखी मंदिर के पास आर-15 बाइक पर सवार दो बदमाशों ने एक टोटो सवार व्यक्ति का मोबाइल छीन लिया और भागने लगे। घटना के दौरान टोटो में बैठी एक महिला और छोटा बच्चा असंतुलित होकर गिरते-गिरते बच गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस बैरिकेड से टकराई बाइक

घटना के बाद लोगों ने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। भागने के दौरान उनकी बाइक पंचमुखी मंदिर के पास लगे पुलिस बैरिकेड से टकरा गई। हादसे के बाद एक आरोपी विकास कुमार बाइक छोड़कर फरार हो गया, जबकि रामनगर वार्ड-11 निवासी आशीष कुमार को स्थानीय लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया।

भीड़ ने की पिटाई, फिर पुलिस को सौंपा

आक्रोशित लोगों ने पकड़े गए आरोपी की जमकर पिटाई की और बाद में उसे के. हाट थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, घटनास्थल से बरामद बिना रजिस्ट्रेशन वाली आर-15 बाइक को भी जब्त कर लिया गया है।

लगातार बढ़ रही हैं छिनतई की घटनाएं

शहर में लगातार हो रही चोरी और छिनतई की घटनाओं से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। एक दिन पहले ही सहायक खजांची थाना क्षेत्र के शिव मंदिर के पास चोरी की कोशिश कर रहे एक अन्य आरोपी को भी स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था।

अपराध रोकने के लिए बनी है 'बाइकर्स टीम'

बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पूर्णिया के एसएसपी शौर्य सुमन ने हाल ही में विशेष 'बाइकर्स टीम' का गठन किया है। इस टीम में 80 पुलिसकर्मी 40 बाइक पर सवार होकर 15 अलग-अलग टीमों में शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नियमित गश्त कर रहे हैं, ताकि छिनतई और चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।