जोगबनी (अररिया)। नौनिहालों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी जिन कंधों पर है, जब वे ही अपनी सहूलियत के लिए मासूमों की सेहत और सुरक्षा से खिलवाड़ करने लगें, तो व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है।नेपाल सीमा से सटे अररिया जिले के जोगबनी स्थित प्राथमिक विद्यालय (खजूरबाड़ी) से एक ऐसी ही संवेदनहीन तस्वीर सामने आई है।
यहां की एक शिक्षिका ने अपने पैर कीचड़ से बचाने के लिए छोटे-छोटे स्कूली बच्चों को घुटने भर गंदे पानी में उतार दिया। बच्चों ने गंदे पानी में भीगते हुए बेंचों का पुल बनाया, जिस पर चढ़कर 'मैडम' ने शान से स्कूल में प्रवेश किया।
गुरुवार की इस शर्मनाक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि बच्चे अपनी क्षमता से अधिक भारी बेंच उठाकर गंदे पानी में बिछा रहे हैं और विशिष्ट शिक्षिका अफसाना परवीन बिना पैर भिगोए आराम से उन पर कदम रखते हुए आगे बढ़ रही हैं।
बताया जा रहा है कि बच्चों से यह काम कई बार कराया गया। वीडियो वायरल होते ही अभिभावकों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फूट पड़ा है। लोगों का तीखा सवाल है कि क्या शिक्षिका अपने खुद के बच्चों से भी गंदे पानी में यही मजदूरी करवातीं?
प्रधानाध्यापिका ने कहा, शिक्षिका को है एलर्जी, पानी में नहीं चल सकतीं
मामले के तूल पकड़ने पर स्कूल की प्रधान शिक्षिका नीलिमा पाठक ने बचाव करते हुए कहा कि शिक्षिका अफसाना की बायपास सर्जरी हुई है और उन्हें एलर्जी की समस्या है, इसलिए वे पानी में नहीं चल सकतीं। हालांकि, उन्होंने बच्चों से ऐसा काम कराने को गलत ठहराया। इस बहाने स्कूल की बदहाली भी सामने आई है।
प्रधानाध्यापिका ने बताया कि सड़क और नाले की ऊंचाई स्कूल से ज्यादा होने के कारण परिसर में हमेशा जलजमाव रहता है। परिसर में लगे पानी को पंपसेट के द्वारा बीच-बीच में निकाला जाता है।
तीन दिन पूर्व भी परिसर से पानी निकाला गया था, लेकिन कई बार पत्राचार के बावजूद विभाग ने जल निकासी का कोई स्थायी समाधान नहीं किया है। सड़क से स्कूल पहुंचने में करीब 15 मीटर तक पानी से गुजरना पड़ता है।
शिक्षा विभाग सख्त, 24 घंटे में मांगा जवाब:
मामले में शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। डीपीओ (स्थापना) संदीप रंजन ने इस पर संज्ञान लेते हुए प्रधान शिक्षिका के माध्यम से आरोपित शिक्षिका अफसाना परवीन से 24 घंटे में स्पष्टीकरण मांगा है। शिक्षिका अफसाना परवीन से पक्ष लेने का प्रयास किया गया, पर संपर्क नहीं हो सका।
हमारे पास मिट्टी भराई या फिर किसी निर्माण कार्य के लिए कोई फंड नहीं है। स्कूल में होने वाले जलजमाव के समाधान को लेकर नगर परिषद जोगबनी के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि रोहित यादव से अनुरोध किया गया है। - साहेब आलम, डीईओ, अररिया