3 साल बाद फिर बी कोठी लौटे अश्वनी कुमार
जिस अधिकारी को सौंपा था प्रभार, अब उसी से लेंगे चार्ज; प्रशासनिक महकमे में चर्चा
धमदाहा (पूर्णिया)। बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के हालिया तबादलों के बीच पूर्णिया जिले के बी कोठी प्रखंड से एक बेहद दिलचस्प प्रशासनिक संयोग सामने आया है। सरकार के नए आदेश के तहत अश्वनी कुमार को एक बार फिर बी कोठी का प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) बनाकर भेजा गया है, जिसने प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है।
2023 में बदला था बीडीओ का चेहरा
इस कहानी का दिलचस्प पहलू यह है कि अश्वनी कुमार वर्ष 2020 से 2023 तक बी कोठी के बीडीओ रह चुके हैं। वर्ष 2023 में जब उनका तबादला हुआ, तब विभाग ने कैलाशपति मिश्र को यहां का नया बीडीओ नियुक्त किया था।
उस समय अश्वनी कुमार ने औपचारिक रूप से कैलाशपति मिश्र को अपना कार्यभार सौंपा था और नए पदस्थापन स्थल के लिए रवाना हो गए थे।
3 साल बाद फिर वहीं लौटे
समय का पहिया एक बार फिर उसी मोड़ पर आकर रुक गया है। करीब तीन साल बाद राज्य सरकार के ताजा तबादला आदेश में अश्वनी कुमार की दोबारा बी कोठी में ही पोस्टिंग कर दी गई।
यह संयोग इसलिए और खास बन गया है क्योंकि अब वे उसी अधिकारी से दोबारा प्रभार ग्रहण करेंगे, जिन्हें उन्होंने 2023 में स्वयं चार्ज सौंपा था।
प्रशासनिक महकमे में चर्चा
“जिसको सौंपा था प्रभार, अब उसी से लेंगे कार्यभार” — इस अनोखे संयोग की प्रशासनिक महकमे से लेकर आम लोगों तक खूब चर्चा हो रही है।
प्रशासनिक जानकारों का कहना है कि किसी अधिकारी का एक ही प्रखंड में दोबारा लौटना और ठीक उसी अधिकारी से कार्यभार वापस लेना, जिसे उसने पहले चार्ज सौंपा था, बेहद दुर्लभ घटनाओं में गिना जाता है।
जनता में उत्सुकता
इस अनूठे घटनाक्रम को लेकर स्थानीय लोगों, जिला मुख्यालय के अधिकारियों और सोशल मीडिया पर भी खास उत्सुकता देखी जा रही है। लोग इसे प्रशासनिक व्यवस्था का दिलचस्प संयोग बता रहे हैं।
अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि अश्वनी कुमार दोबारा बी कोठी में कार्यभार संभालने के बाद विकास कार्यों को किस दिशा में आगे बढ़ाते हैं।