Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा में शुरू हुई पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) सेवा, 3100 घरों तक पहुंची सुविधा; LPG से सस्ती और ज्यादा सुरक्षित - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, July 11, 2026

मधेपुरा में शुरू हुई पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) सेवा, 3100 घरों तक पहुंची सुविधा; LPG से सस्ती और ज्यादा सुरक्षित

मधेपुरा में शुरू हुई पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) सेवा, 3100 घरों तक पहुंची सुविधा; LPG से सस्ती और ज्यादा सुरक्षित

मधेपुरा: मधेपुरा शहर के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। शहर में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) सेवा की शुरुआत हो गई है। फिलहाल यह सुविधा शहरी क्षेत्र में उपलब्ध कराई जा रही है। अब तक जिले के 3100 घरेलू उपभोक्ताओं और 6 व्यावसायिक (कमर्शियल) उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन दिया जा चुका है। वहीं, पड़ोसी जिले सहरसा में भी करीब 900 उपभोक्ता इस सुविधा से जुड़ चुके हैं।

सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) कंपनी के पदाधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि पीएनजी एलपीजी की तुलना में अधिक किफायती होने के साथ-साथ सुरक्षा के लिहाज से भी बेहतर विकल्प है। उनके अनुसार, पीएनजी का उपयोग करने पर उपभोक्ताओं को एलपीजी की तुलना में करीब 23 रुपये प्रति किलोग्राम तक की बचत होती है।

चार स्तर की सुरक्षा से लैस है व्यवस्था

कंपनी के अनुसार, पीएनजी की सबसे बड़ी विशेषता इसकी सुरक्षा है। प्राकृतिक गैस हवा से हल्की होती है, इसलिए यदि किसी कारणवश गैस का रिसाव होता है तो वह ऊपर की ओर फैल जाती है, जिससे दुर्घटना की आशंका काफी कम हो जाती है। इसके विपरीत एलपीजी हवा से भारी होने के कारण नीचे की ओर जमा होती है, जिससे खतरा बढ़ सकता है।

मुख्य पाइपलाइन से लेकर रसोई के चूल्हे तक चार स्तर के सुरक्षा वाल्व लगाए जाते हैं। यदि किसी एक वाल्व में तकनीकी खराबी आती है तो अन्य सुरक्षा वाल्व स्वतः गैस आपूर्ति रोक देते हैं, जिससे किसी भी संभावित दुर्घटना को टाला जा सकता है।

10 से 15 दिनों में मिलेगा नया कनेक्शन

नया पीएनजी कनेक्शन लेने के इच्छुक उपभोक्ताओं को कंपनी के वार्ड संख्या-9, पश्चिमी बाईपास रोड स्थित कार्यालय में आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ आधार कार्ड और आवासीय पते का प्रमाण देना अनिवार्य है। इंस्टॉलेशन से पहले 6,500 रुपये की रिफंडेबल सुरक्षा राशि जमा करनी होगी, जो कनेक्शन बंद कराने पर वापस कर दी जाएगी। आवेदन के 10 से 15 दिनों के भीतर कनेक्शन उपलब्ध करा दिया जाएगा।

किरायेदारों के लिए यह है नियम

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि किराये के मकान में रहने वाले लोगों को मकान मालिक के नाम से ही पीएनजी कनेक्शन लेना होगा। किसी भी प्रकार की शिकायत, तकनीकी समस्या या आपात स्थिति में उपभोक्ता 9801580329 पर संपर्क कर सकते हैं।

कंपनी के अनुसार, वर्तमान में मधेपुरा शहर के अलावा सिंहेश्वर में भी पीएनजी सेवा शुरू कर दी गई है और आने वाले समय में इसका दायरा और बढ़ाया जाएगा।