Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप: 10-12 राउंड फायरिंग का आरोप, युवक घायल, मौके से कई खोखे बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, July 11, 2026

सहरसा में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप: 10-12 राउंड फायरिंग का आरोप, युवक घायल, मौके से कई खोखे बरामद

हेडलाइन:

सहरसा में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप: 10-12 राउंड फायरिंग का आरोप, युवक घायल, मौके से कई खोखे बरामद

सहरसा: सहरसा शहर के रिफ्यूजी कॉलोनी स्थित मछली मार्केट के समीप शनिवार सुबह जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि कई राउंड फायरिंग होने का आरोप लगाया गया। घटना में एक युवक घायल हो गया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कई खोखे बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, यह विवाद मीर टोला निवासी एवं जदयू के कार्यकारिणी जिलाध्यक्ष मोहम्मद सरफराज आलम की जमीन से जुड़ा है। सरफराज आलम का आरोप है कि शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे पटना से लौटने के बाद जब वह अपनी जमीन पर पहुंचे तो वहां जेसीबी मशीन से अस्थायी निर्माण (एकचरी) हटाया जा रहा था। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

सरफराज आलम ने आरोप लगाया कि जेसीबी के साथ करीब 50 से 60 लोग मौके पर मौजूद थे। दोनों पक्षों के समर्थकों के पहुंचने के बाद तनाव और बढ़ गया तथा इस दौरान 10 से 12 राउंड फायरिंग की गई।

घटना के दौरान मीर टोला निवासी मोहम्मद गुलामगोस के पुत्र हसनैन की आंख के पास बंदूक के कुंदे से हमला कर घायल कर दिया गया। घायल का इलाज कराया जा रहा है।

मोहम्मद सरफराज आलम ने स्वर्गीय एकरामुल के पुत्र महताब अकरम उर्फ छोटू खां, साबिर मतीन के पुत्र सादिक मतीन, मो. फाकीर के पुत्र नाजिस अथर, मो. जमसेद के पुत्र फैसल रजा समेत 25 से 30 अज्ञात लोगों पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी जमीन किराये पर दी गई थी, जहां दुकान निर्माण का कार्य चल रहा था। पिछले 10 दिनों से उनसे रंगदारी की मांग की जा रही थी और विरोध करने पर इस घटना को अंजाम दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने वहां से कई खोखे बरामद किए हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि खबर लिखे जाने तक पीड़ित पक्ष की ओर से थाना में लिखित आवेदन नहीं दिया गया था और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि हुई है।

पुलिस का कहना है कि आवेदन प्राप्त होने और जांच पूरी होने के बाद मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। वहीं दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।