हेडलाइन:
हिंदुओं को राशन देने से इनकार का आरोप, कोटेदार का बेटा गिरफ्तार; दुकान सील, सरकारी अनाज जब्त
बरेली:
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भुता क्षेत्र में सरकारी राशन वितरण को लेकर विवाद के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। हिंदुओं को राशन न देने और प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में कोटेदार के बेटे आदिल अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, पूर्ति विभाग ने राशन की दुकान सील कर सरकारी खाद्यान्न जब्त कर लिया।
मामला केसरपुर गांव का है, जहां ग्रामीण भगवन शरण ने आरोप लगाया कि राशन लेने पहुंचने पर उनका अंगूठा लगाने से मना कर दिया गया। शिकायत करने पर कोटेदार के बेटे आदिल अंसारी ने कथित रूप से धार्मिक आधार पर राशन देने से इनकार किया, प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्द कहे और मारपीट भी की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया।
पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी आदिल अंसारी को मटकापुर नहर के पास से गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस हिरासत के दौरान आरोपी का हाथ जोड़कर माफी मांगने का वीडियो भी सामने आया है।
उधर, पूर्ति विभाग ने राशन दुकान पर छापेमारी कर दुकान को सील कर दिया और वहां मौजूद सरकारी खाद्यान्न जब्त कर लिया। प्रशासन की कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य राशन विक्रेताओं में भी सतर्कता बढ़ गई है।