Madhepura News: बहुभोज का न्योता देने निकले चचेरे भाइयों को अज्ञात वाहन ने रौंदा, एक की मौत; दो दिन पहले हुई थी शादी
मधेपुरा: जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बहुभोज का निमंत्रण देने जा रहे दो चचेरे भाइयों की बाइक को बैजनाथपुर सड़क पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में 18 वर्षीय अभिषेक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो दिन पहले ही शादी करने वाले दीपक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बैजनाथपुर सड़क पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, भेलवा पंचायत निवासी अभिषेक कुमार और उनके चचेरे भाई दीपक कुमार मोटरसाइकिल से गम्हरिया की ओर बहुभोज का निमंत्रण देने जा रहे थे। इसी दौरान बैजनाथपुर सड़क पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि अभिषेक कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दीपक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
शादी के दो दिन बाद मातम
घायल दीपक कुमार की शादी 6 जुलाई को रामपुर श्यामनगर में हुई थी। बुधवार को उनके घर पर बहुभोज की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच निमंत्रण देने निकले दोनों भाइयों के साथ यह दर्दनाक हादसा हो गया। देखते ही देखते शादी का माहौल मातम में बदल गया।
वहीं, मृतक अभिषेक कुमार अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। वह भागलपुर में रहकर इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहा था और चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए 1 जुलाई को घर आया था।
ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया और प्रशासन से तत्काल मुआवजा एवं कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी शायक आलम और अंचल अधिकारी स्नेहा सागर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को सरकारी सहायता एवं नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया।
पुलिस जांच में जुटी
गम्हरिया थानाध्यक्ष राघव शरण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया।
घायल दीपक कुमार को पहले गम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मधेपुरा रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फरार वाहन की पहचान के लिए आसपास के साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।