Kosi Live-कोशी लाइव Madhepura News: 18 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत, बुआ ने पति पर लगाया हत्या का आरोप; पति बोला- दुपट्टे से लगाई फांसी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, July 8, 2026

Madhepura News: 18 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत, बुआ ने पति पर लगाया हत्या का आरोप; पति बोला- दुपट्टे से लगाई फांसी

Madhepura News: 18 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत, बुआ ने पति पर लगाया हत्या का आरोप; पति बोला- दुपट्टे से लगाई फांसी

मधेपुरा: जिले के चौसा थाना क्षेत्र के फुलौत गांव में 18 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने पति पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। वहीं पति का कहना है कि पत्नी ने दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

दो साल पहले हुई थी शादी

मृतका की पहचान फुलौत वार्ड-9 निवासी शिल्पी कुमारी (18) के रूप में हुई है। उनकी शादी करीब दो वर्ष पहले गुरुचरण कुमार से हुई थी। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

मृतका की बुआ का आरोप है कि गुरुचरण कुमार का किसी दूसरी युवती से कथित संबंध था, जिसका शिल्पी विरोध करती थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोप है कि मंगलवार रात गुरुचरण ने शिल्पी की हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को दुपट्टे से फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।

पति का दावा- पत्नी ने की आत्महत्या

घटना के बाद पति ने स्वयं पुलिस को फोन कर सूचना दी और बताया कि उसकी पत्नी ने दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। उसने पुलिस को फंदे से लटके होने की तस्वीर भी दिखाई।

हालांकि, पुलिस के मौके पर पहुंचने तक शव को फंदे से उतारकर बेड पर रख दिया गया था।

पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच

चौसा थाना के एसआई विनोद कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। अभी तक इस मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कर सभी बिंदुओं पर जांच की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत के कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।