कटिहार में पाकिस्तान कनेक्शन का खुलासा: पाकिस्तानी गैंगस्टर के संपर्क में युवक गिरफ्तार, आईबी-एटीएस की संयुक्त कार्रवाई
कटिहार, कोलासी: बिहार के कटिहार जिले में एक बार फिर कथित पाकिस्तान कनेक्शन का मामला सामने आया है। कोढ़ा थाना पुलिस ने पाकिस्तान आधारित गैंगस्टर से संपर्क रखने और देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी), एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने भी पुलिस का सहयोग किया।
गिरफ्तार युवक की पहचान कोढ़ा थाना क्षेत्र के मुसापुर गांव निवासी मो. आलम के पुत्र मो. अहद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर गठित टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया।
पाकिस्तानी गैंगस्टर से सोशल मीडिया पर था संपर्क
तकनीकी जांच में पुलिस को युवक के मोबाइल और सोशल मीडिया खातों से अहम सुराग मिले। जांच में सामने आया कि वह इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर राना हुनैन के संपर्क में था। पुलिस के मुताबिक यह गैंगस्टर आतंकी नेटवर्क से जुड़े सज्जाद भट्टी के नेटवर्क से संबंधित बताया जाता है।
देश विरोधी सामग्री साझा करने का आरोप
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चैट, ऑडियो कॉल और सोशल मीडिया के जरिए देश विरोधी गतिविधियों, संवेदनशील स्थानों की जानकारी तथा आतंकी गतिविधियों से संबंधित सामग्री का आदान-प्रदान कर रहा था। इसके अलावा वह सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाने वाली सामग्री साझा करने, पाकिस्तान आधारित व्हाट्सएप चैनलों के लिंक प्रसारित करने और अन्य लोगों को ऐसे चैनलों से जोड़ने का प्रयास भी कर रहा था।
मोबाइल जब्त, अन्य लोगों की भी जांच
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन जब्त किया है, जिसकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। वहीं, जांच के दौरान कुछ अन्य लोगों के मोबाइल फोन भी खंगाले गए, लेकिन उनमें कोई आपत्तिजनक गतिविधि नहीं मिली।
बड़ी साजिश की आशंका
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि आरोपी भारत में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में था। समय रहते कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
कटिहार जिले में इससे पहले भी सीमा पार नेटवर्क और संदिग्ध आतंकी गतिविधियों से जुड़े मामले सामने आते रहे हैं। अप्रैल महीने में मनिहारी के नवाबगंज (बालू टोला) से दिल्ली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया था। वहीं हसनगंज, बारसोई और बरारी क्षेत्रों में भी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) विभिन्न मामलों की जांच कर चुकी है।
एसडीपीओ ने क्या कहा
एसडीपीओ-2 सदर सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि वह पाकिस्तान के हैंडलर के संपर्क में था और भारत में बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था। आईबी, एटीएस और एसटीएफ के सहयोग से समय रहते उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।