हेडलाइन
मधेपुरा में प्रभारी HM के निलंबन पर छात्रों का बवाल, NH-107 तीन घंटे जाम, स्कूल में धरना
सबहेड
भोन टेकती उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्रों व अभिभावकों ने मुकेश कुमार की बहाली की मांग की, जांच के लिए पहुंचे सदर एसडीओ
कोशी लाइव | मधेपुरा
पप्पू मेहता की रिपोर्ट
मधेपुरा जिले के घैलाढ़ प्रखंड स्थित भोन टेकती उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार को बदलने और निलंबित किए जाने के विरोध में गुरुवार को छात्रों और अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने सुबह करीब 10 बजे मिठाई चौक स्थित एनएच-107 को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब तीन घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पुलिस की समझाइश के बाद जाम समाप्त कराया गया। हालांकि इसके बाद भी छात्र शांत नहीं हुए और विद्यालय परिसर में धरने पर बैठकर प्रभारी प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार की बहाली तथा मामले के समाधान की मांग करने लगे।
छात्रों का कहना था कि मुकेश कुमार के कार्यकाल में विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है, लेकिन उन्हें अनुचित तरीके से कार्रवाई का शिकार बनाया गया है। छात्र वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
स्थिति को देखते हुए बीडीओ अविनाश कुमार, प्रभारी बीईओ नवल किशोर सिंह तथा मुखिया विकास कुमार ने वरीय अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। सूचना मिलने पर सदर एसडीओ संतोष कुमार विद्यालय पहुंचे और छात्रों, अभिभावकों तथा शिक्षकों से अलग-अलग बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। एसडीओ ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) संजय कुमार ने बताया कि विभाग ने वरीयता के आधार पर मो. इमरान आलम को प्रभारी प्रधानाध्यापक बनाने का आदेश जारी किया था। लेकिन मुकेश कुमार ने समय पर प्रभार नहीं सौंपा और विभाग द्वारा मांगे गए स्पष्टीकरण का भी जवाब नहीं दिया। इसे विभागीय आदेश की अवहेलना और मनमानी मानते हुए उन्हें निलंबित किया गया।
डीईओ ने कहा कि पूरे मामले की जांच सदर एसडीओ द्वारा की गई है और जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने, शिक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने और विद्यालयों में नियमित पठन-पाठन संचालित कराने के लिए विभाग लगातार काम कर रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यालय को राजनीति का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा।