Kosi Live-कोशी लाइव CRIME:सहरसा में बड़ी कार्रवाई: वारदात की तैयारी में जुटा युवक देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार, पुलिस ने साजिश की नाकाम - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, July 21, 2026

CRIME:सहरसा में बड़ी कार्रवाई: वारदात की तैयारी में जुटा युवक देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार, पुलिस ने साजिश की नाकाम

हेडलाइन:

सहरसा में बड़ी कार्रवाई: वारदात की तैयारी में जुटा युवक देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार, पुलिस ने साजिश की नाकाम

सहरसा | कोशी लाइव

सहरसा जिले के बलवाहाट थाना पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक संभावित आपराधिक घटना को टाल दिया। गुप्त सूचना के आधार पर शंकरपुर गांव में छापेमारी कर पुलिस ने एक युवक को देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि उसके आपराधिक इतिहास की जांच जारी है।

सिमरीबख्तियारपुर अनुमंडल के एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बलवाहाट थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि सोमवार शाम गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि शंकरपुर गांव के फकीरना टोला वार्ड संख्या-6 में एक युवक हथियार के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।

सूचना मिलते ही सहायक अवर निरीक्षक रंजीत कुमार झा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही एक युवक भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद घर की तलाशी लेने पर ड्रेसिंग टेबल से एक देसी कट्टा बरामद हुआ।

गिरफ्तार युवक की पहचान शंकरपुर निवासी सचिन कुमार (पिता- अरुण कुमार) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी का किसी आपराधिक गिरोह से संबंध है या नहीं तथा उसका पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड क्या रहा है।