जमुई-लखीसराय मार्ग पर बड़ा हादसा, मत्स्य प्रसार पदाधिकारी की कार नहर में गिरी, हालत गंभीर
जमुई। गुरुवार को जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जिसमें मत्स्य प्रसार पदाधिकारी प्रीति पूजा गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि जमुई स्थित मत्स्य विभाग कार्यालय में योगदान देने के बाद घर लौटने के दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नहर में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार, प्रीति पूजा का हाल ही में तबादला हुआ था। गुरुवार को उन्होंने जमुई के मत्स्य विभाग कार्यालय में अपना योगदान दिया था। इसके बाद वह स्वयं कार चलाकर अपने घर लखीसराय लौट रही थीं।
इसी दौरान नवीनगर के पास अचानक उन्हें झपकी आ गई, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नहर में गिर गई और गंभीर दुर्घटना हो गई।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद प्रीति पूजा को दुर्घटनाग्रस्त कार से बाहर निकाला और घायल अवस्था में डॉक्टर नीरज साह के क्लीनिक में भर्ती कराया।
चिकित्सकों के अनुसार, सिर में ब्लड जमने की वजह से उनकी हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों की मदद से नहर में गिरी कार को बाहर निकालने का प्रयास जारी है।