हेडलाइन:
भारत-नेपाल बॉर्डर पर यूक्रेन की महिला इंजीनियर गिरफ्तार, अवैध रूप से नेपाल जाने की कोशिश नाकाम
सबहेड:
रक्सौल में SSB और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 2022 में ही खत्म हो चुका था वीजा; फर्जी आधार कार्ड की भी जांच
मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल स्थित भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर हरपुर थाना पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की संयुक्त कार्रवाई में यूक्रेन की एक महिला नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। महिला अवैध रूप से नेपाल में प्रवेश करने का प्रयास कर रही थी।
गिरफ्तार महिला की पहचान ओक्साना शेवत्सोवा (32), पिता यूरिन (Yurin), निवासी यूक्रेन के रूप में हुई है। उसने पूछताछ के दौरान खुद को पेशे से इंजीनियर बताया।
पुलिस के अनुसार, सीमा क्षेत्र में नियमित गश्त के दौरान सैनिक रोड के पास महिला की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जांच के दौरान उसके पास भारत में रहने या सीमा पार करने से संबंधित कोई वैध यात्रा दस्तावेज नहीं मिला।
बाद में महिला ने अपने मोबाइल फोन में पासपोर्ट, वीजा और आधार कार्ड की इलेक्ट्रॉनिक कॉपी दिखाई। जांच में सामने आया कि उसका भारतीय वीजा वर्ष 2022 में ही समाप्त हो चुका था। वहीं, मोबाइल में मिला आधार कार्ड प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हुआ, जिसकी प्रामाणिकता की जांच कराई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि महिला वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी भारत में रह रही थी। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए सलवार-सूट पहन रखा था और हरपुर सीमा के रास्ते नेपाल में अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिश कर रही थी।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां महिला से गहन पूछताछ कर रही हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि वह भारत कब आई, यहां इतने समय तक कैसे रही और नेपाल जाने का उसका उद्देश्य क्या था। उसके संपर्कों और यात्रा से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।