हेडलाइन:
मोतिहारी में नकली DAP फैक्ट्री का भंडाफोड़, 2 हजार बैग उर्वरक जब्त
सबहेड:
एसएसबी, पुलिस और कृषि विभाग की संयुक्त कार्रवाई, कई आरोपी चिह्नित; FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू
मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिले के बनकटवा प्रखंड में उर्वरक कालाबाजारी और नकली डीएपी खाद निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त छापेमारी में करीब 2,000 बैग अवैध उर्वरक जब्त किए गए हैं। मामले में कई लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 71वीं बटालियन, स्थानीय पुलिस और जिला कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़हरवा, रेगनिया, आठमोहन और बीजबनी गांवों में छापेमारी की। इस दौरान तस्करी के उद्देश्य से छिपाकर रखे गए लगभग 2,000 बैग उर्वरक बरामद कर जब्त कर लिए गए।
जांच के दौरान उर्वरक कालाबाजारी में जावेद अंसारी, विश्वनाथ राय, सिकंदर राय, सिखु राय और सुधीर राय समेत कई लोगों की संलिप्तता सामने आई है। प्रशासन ने सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इसी अभियान के तहत अगरवा गांव में नकली डीएपी खाद बनाने वाली एक अवैध फैक्ट्री का भी खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि प्रमोद राय और मदन राय अवैध रूप से नकली डीएपी तैयार कर रहे थे। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री से संबंधित सामग्री जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ भी एफआईआर की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला कृषि पदाधिकारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने और कालाबाजारी रोकने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।