हेडलाइन:
गया में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, एसटीएफ-पुलिस की बड़ी कार्रवाई; हथियार तस्कर गिरफ्तार
गया: गया पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने वजीरगंज थाना क्षेत्र के बुधौल गांव में छापेमारी कर अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में निर्मित व अर्धनिर्मित अवैध हथियार, कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए। मौके से हथियार तस्कर मनोज कुमार उर्फ मनोज मिस्त्री को गिरफ्तार किया गया।
सिटी एसपी अभिनव ने बताया कि एसएसपी सुशील कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एसटीएफ से मिली गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ वजीरगंज के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी के घर पर छापा मारकर उसे रंगे हाथ दबोच लिया।
तलाशी के दौरान भूसे के कमरे से 2 देशी एकनाली बंदूक, 1 मस्कट, 2 देशी कट्टा, 1 अर्धनिर्मित कट्टा, 1 अर्धनिर्मित पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस, 7 खोखे, 6 बैरल, साथ ही 2 लेथ मशीन, 3 ड्रिल मशीन, 2 ग्राइंडर, 1 वेल्डिंग मशीन और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां तैयार किए गए अवैध हथियारों की सप्लाई कई जिलों में की जाती थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क, अन्य सहयोगियों और संभावित अंतरराज्यीय गिरोह से संबंधों की जांच कर रही है। वजीरगंज थाना में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताते हुए टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।