हेडलाइन:
जम्मू-कश्मीर में मुंगेर का लाल शहीद, आतंकियों से मुठभेड़ में BSF जवान चंदन सिंह ने दी सर्वोच्च बलिदान
मुंगेर: जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान बिहार के मुंगेर जिले के बीएसएफ जवान चंदन सिंह शहीद हो गए। हवेली खड़गपुर प्रखंड के जवायद गांव निवासी चंदन सिंह बुधवार देर शाम आतंकियों के साथ मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
परिजनों के मुताबिक, चंदन सिंह जम्मू-कश्मीर में तैनात थे। मुठभेड़ के दौरान उन्हें गोली लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। देर रात बीएसएफ अधिकारियों ने फोन पर परिवार को उनकी शहादत की सूचना दी।
शहादत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और शुभचिंतक बड़ी संख्या में शहीद के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं और वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
शहीद के परिजन करमजीत सिंह ने बताया कि चंदन सिंह आतंकियों से बहादुरी से लड़ते हुए गोली लगने से घायल हुए थे। उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सूत्रों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में पोस्टमॉर्टम और सैन्य सम्मान की औपचारिकताओं के बाद शहीद चंदन सिंह का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव लाया जाएगा। संभावना है कि शुक्रवार को पूरे राजकीय एवं सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
देश ने एक और वीर सपूत को खो दिया, जिसकी शहादत को हमेशा याद रखा जाएगा।